बदलापुर (जौनपुर) । थाना क्षेत्र के महराजगंज रोड पर स्थित भलुआही में गेट संख्या 23 सी पर रविवार को शाम सात बज कर पांच मिनट पर बाइक के टक्कर से रेलवे गेट का बूम टूट गया, जिससे मौके पर हड़कंप मच गया। इस दौरान गेटमैन बुद्धू राम निषाद ने घटना की सूचना स्टेशन अधीक्षक रेलवे स्टेशन श्रीकृष्ण नगर परमेश्वर को देते हुए टूटे बूम की जगह तत्काल चैन लगाकर वाहनों को रोकने का काम किया। टूटे बूम को 12.55 बजे ठीक कर लगवा दिया गया। तब तक ट्रेन को काशन के सहारे चलाया गया। वाराणसी-लखनऊ रेलमार्ग पर रेलवे स्टेशन श्रीकृष्ण नगर से पूरब रेलवे क्रासिंग तेइस सी पर वाराणसी-सुल्तानपुर पैसेंजर ट्रेन आने की सूचना मिलते ही गेटमैन बुद्धूराम निषाद गेट बंद कर रहे थे। महराजगंज की ओर से बदलापुर की तरफ तेज रफ्तार से जा रहे बाइक फाटक के बूम से टकरा गया, जिससे बूम टूट कर गिर गया। स्टेशन मास्टर परमेश्वर कुमार की तहरीर पर आरपीएफ ने बाइक सवार के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।