जौनपुर। यूपी बोर्ड के हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन जिले के छह केंद्रों पर शनिवार से शुरू हो गया। पहले दिन 16745 उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन किया गया। 4116 परीक्षक लगाए गए थे, जिनमें से 1408 अनुपस्थित रहे। ज्वाइंट डायरेक्टर प्रदीप कुमार ने डीआईओएस धर्मेंद्र शर्मा के साथ सभी केंद्रों का निरीक्षण किया।
उन्होंने परीक्षकों को निर्देश दिया कि उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन पूरी पारदर्शिता के साथ करें। उन्होंने बारी-बारी से राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, जनक कुमारी इंटर कॉलेज, नगर पालिका इंटर कॉलेज, टीडी इंटर कॉलेज, मोहम्मद हसन इंटर कॉलेज और राजा डीएम शिया इंटर कॉलेज का निरीक्षण किया। राजकीय बालिका इंटर कॉलेज केंद्र पर 1740, जनक कुमारी इंटर कॉलेज पर 5623,नगर पालिका इंटर कॉलेज केंद्र पर 1724, टीडी इंटर कॉलेज केंद्र पर 620, मोहम्मद हसन इंटर कॉलेज पर 2560 और रजा डीएम शिया इंटर कॉलेज पर 4478 उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन किया गया।