धर्मापुर । मुफ्तीगंज ब्लाक के भारत भारती साधना पीठ इंटर कालेज पतौरा के वेदव्यास सभागार में सोमवार को शिक्षा के नवीन सत्र के शुभारंभ पर कालेज के प्रधानाचार्य आनंद प्रकाश उपाध्याय की अध्यक्षता में मतदाता जागरूकता अभियान पाठशाला एवं अभिभावक संगोष्ठी का आयोजन किया गया, जिसमें उत्तीर्ण छात्रों को पुरस्कार वितरित किया गया। साथ ही अभिभावकों, शिक्षकों एवं छात्रों को मतदान करने के लिए प्रेरित करते हुए शपथ दिलाई गई। संगोष्ठी का शुभारंभ मां भारती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। इसके वाद प्रधानाचार्य ने कक्षा 6,7,8,9 व 11 में पहले से पांचवां स्थान प्राप्त करने वाले छात्र-छात्राओं को पुरस्कृत करते हुए एवं अंक पत्र वितरित किया गया। कार्यक्रम का संचालन आचार्य प्रवेश कुमार सिंह ने किया।