बदलापुर (जौनपुर)। जिला प्रशासन लोकसभा चुनाव की तैयारी में जुट गया है। बदलापुर पुलिस जहां सुरक्षा बलों के ठहरने के लिए तीन विद्यालयों को चिह्नित कर उसमें सुविधाएं उपलब्ध कराने में जुट गयी है। दो स्थानों पर बैरियर भी बना दिया है। प्रभारी निरीक्षक सत्यप्रकाश सिंह ने बताया कि सुरक्षा बलों के ठहरने के लिए सल्तनत बहादुर इंटर कालेज, श्री बजरंग इंटर कालेज घनश्यामपुर व श्री गणेशराम इंटर कालेज बटाऊबीर को चिह्नित किया गया है। जहां बिजली, पानी, शौचालय आदि सुविधाओं को भी देखा गया। हालांकि यहां सभी सुविधाएं उपलब्ध हैं। विद्यालय प्रशासन द्वारा व्यवस्था सुदृढ़ बनाए जाने के लिए कहा गया है। इसके अलावा थाने व पुलिस चौकी घनश्यामपुर के सामने संदिग्धों की जांच-पड़ताल के लिए बैरियर भी बना दिया गया है। इसके अलावा क्षेत्र के 81 मतदान केंद्रों व 130 बूथों का भी निरीक्षण कर सुविधाओं की जानकारी ली जा रही है।