जौनपुर। अधिशासी अभियंता विद्युत वितरण खण्ड तृतीय एसके सनोरिया ने कहा है कि छोटे विद्युत उपभोक्ताओं व किसानों के लिये सरचार्ज समाधान योजना लागू हो गई है। इस योजना के अंतर्गत ऐसे लोग जो दो किलो वाट के उपभोक्ता हैं। वह सौ फीसदी सरचार्ज की माफी करवा सकते हैं। इस योजना के तहत पंजीकरण के लिये 31 जनवरी तक की तिथि निर्धारित की गई है। उन्होंने बताया कि ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों के दो किलोवाट के उपभोक्ता (घरेलू, वाणिज्यिक एवं कृषि) उपरोक्त योजना का लाभ उठा सकते हैं। इसके लिये बिल के सरचार्ज को छोड़कर शेष धनराशि का तीस प्रतिशत भुगतान कर पंजीकृत होना होगा। इसके बाद 15 दिन के अंदर सुधार करके संशोधित बिल राशि की सूचना दी जायेगी। जिसके बाद आगामी 31 मार्च तक एकमुश्त अथवा किश्तों में बिल जमा किया जा सकता है। श्री सनोरिया ने बताया कि उपरोक्त सभी प्रक्रिया आनलाइन प्रणाली से होगी। योजना का लाभ उठाने के लिये निकटतम एसडीओ आफिस, विभागीय कलेक्शन सेंटर या जन सुविधा केन्द्र से संपर्क किया जाय। साथ ही अधिक जानकारी के लिये 1912 पर नि:शुल्क काल भी किया जा सकता है।