जौनपुर। नगर निकायों के वार्डों की आरक्षण सूची बृहस्पतिवार को जारी कर दी गई। शनिवार को पहले दिन कुल छह नगर पंचायतों से 16 आपत्तियां प्राप्त हुईं। इनका एक सप्ताह के बाद अगले दिन निस्तारण करके शासन को एक साथ भेज दिया जाएगा, इसके बाद फाइनल आरक्षण सूची जारी की जाएगी।
नगर पंचायत जफराबाद में चार आपत्तियां प्राप्त हुई हैं। इसके अलावा नगर पंचायत गौराबादशाहपुर में चार, नगर पंचायत कचगांव में तीन, नगर पंचायत बदलापुर में तीन, नगर पंचायत खेतासराय में एक, नगर पंचायत केराकत में एक आपत्तियां प्राप्त हुई हैं। यह सभी आपत्तियां जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा के नाम प्राप्त हुई हैं। इन सभी आपत्तियों को रजिस्टर पर शिकायतकर्ता के नाम, नगर पंचायत, वार्ड के नाम के साथ अंकित किया जा रहा है। जिससे इनकी संख्या व निस्तारण में आसानी हो सके। इन सभी वार्डों के शिकायतकर्ताओं का आरोप है कि वार्ड का आरक्षण मानक के अनुरूप नहीं किया गया है। जिससे वह चुनाव लड़ने से वंचित हो जा रहे हैं।
इस बाबत प्रभारी अधिकारी स्थानीय निकाय रजनीश राय ने बताया कि अब तक छह नगर पंचायत से 16 आपत्तियां प्राप्त हुई है।