जौनपुर। एकमुश्त समाधान योजना (ओटीएस) के तहत बिजली निगम द्वारा बकाया बिल की वसूली की जा रही है। 31 मार्च अंतिम तिथि है। अभी भी 15951 बकायेदारों पर 14.28 करोड़ का बिजली बिल बकाया है। बिल जमा करने के लिए केवल 5 दिन और शेष हैं। इसमें एक रविवार व दो दिन सार्वजनिक अवकाश रहेगा। आखिर अब बचे हुए दो दिनों में बिल की वसूली बिजली निगम कैसे करेगा। बकाया बिल जमा करवाने के लिए बिजली निगम के लिए यह चुनौती है। शत- प्रतिशत छूट का लाभ पाने के लिए उपभोक्ताओं को 31 मार्च तक संपूर्ण बकाया जमा करना होगा। निर्धारित समय के अंदर बिल न जमा करने पर मूलधन में ब्याज भी जुड़ेगा। इससे उपभोक्ताओं पर अतिरिक्त कर्ज का बोझ बढ़ेगा। यह बिल ग्राहक सेवा केंद्र, डिवीजन और सब डिवीजन कार्यालय में जमा किया जा सकता है। निगम के तमाम प्रयासों के बावजूद बिल जमा करने को लेकर लोगों में कोई दिलचस्पी नहीं दिख रही है।
यह उन उपभोक्ताओं के लिए एक सुनहला अवसर है जिन्होंने ओटीएस में रजिस्ट्रेशन कराया है। छूट का लाभ लेने के लिए 31 मार्च तक बकाया बिल का भुगतान करें। जो बिल नहीं जमा करेंगे उनके कनेक्शन काटे जाएंगे और आरसी भी जारी होगी। - आरपी सिंह अधीक्षण अभियंता सर्किल द्वितीय, जौनपुर