सिकरारा। रायबरेली-जौनपुर राज मार्ग पर फतेहगंज बाजार से नई गंज रेलवे क्रासिंग तक शुक्रवार की सुबह 10 बजे लगभग छह किमी तक लम्बा जाम लग गया। इसमें फंसकर राहगीर हांफते रहे। वहीं गर्मी व धूप के कारण बच्चों और मरीजों का बुरा हाल था। घंटों जाम में फंसने के बाद लोग निकल पा रहे थे। सूचना पाकर मौके पर पहुंची बक्शा पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद जाम खुलवाने में सफल रही।
वैसे तो रायबरेली-जौनपुर राज मार्ग पर लगभग 15 किमी की यात्रा में पांच स्थानों पर जाम लगने का सिलसिला अब पुराना हो चुका है । इस मार्ग पर सिकरारा से जौनपुर शहर की ओर चलने वाला हर निजी वाहन चालक अथवा किराये की गाड़ी से चलने वाला यात्री सिकरारा चौराहा ,लाला बाजार तिराहा, पकड़ी ब्लाक रसेना चौराहा, गायत्री कंस्ट्रक्शन प्लांट तथा नई गंज रेलवे क्रासिंग पांच स्थानों पर लगने वाले जाम को याद करते हुए कुछ अतिरिक्त वक्त लेकर यात्र करता है। शुक्रवार को तो इस मार्ग पर ट्रकों के एक साथ आ जाने तथा रेलवे क्रासिंग फाटक बंद होने से जाम की स्थिति भयानक हो गई। पकड़ी ब्लाक के पास जाम में फंसे तोफापुर निवासी हरवंश गौतम अपने बीमार बच्चे का इलाज कराने के लिए घर से समय से निकले थे। लेकिन एक घंटे से उनकी गाड़ी जाम में फंसी पड़ी थी। वे इस बात से चिंतित थे कि जाम के कारण कहीं उनके साथ कोई अनहोनी न हो जाय। वैसे कुछ लोग ब्लाक के सामने से कुलहन मऊ होते हुए सुल्तानपुर जौनपुर हाई वे से निकल जाते थे। लेकिन इस दिन ठीक रोड के सामने बड़े ट्रेलर के फंस जाने से वह रास्ता भी रुक गया। जिससे लोग जाम में फंसकर परेशान थे। वहीं बच्चों व बूढ़ों का धूप से बुरा हाल था। मरीज भी जाम में फंसने से हलाकान रहे। सूचना पाकर मौके पर पहुंची बक्शा पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद जाम खुलवाया।