जौनपुर। चार दिवसीय किसान पाठशाला के द्वितीय चरण कार्यक्रम 218 न्याय पंचायतों में एक साथ आयोजित कर करीब 18730 कृषकों को रबी फसलों की बेहतर उत्पादन वाली तकनीकियों एवं लाभकारी कृषि योजनाओं के बारे में बताया गया। उप परियोजना निदेशक (आत्मा) डा. रमेश चंद्र यादव ने करंजाकला विकास खंड के जूनियर विद्यालय भैसनी में किसान पाठशाला के उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि किसान पारदर्शी किसान सेवा योजना के तहत पंजीकरण कराएं और कृषि निवेशों आदि की घर बैठे प्रगति सुलभ की जानकारी प्राप्त करें। उन्होंने कहा कि पारदर्शी किसान सेवा योजना से किसानों की समृद्धि रही हो है। उन्होंने किसानों को रबी की मुख्य फसलें, उन्नति शील प्रजातियों एवं प्रभावी बिंदू, कृषि वानिकी, पारदर्शी किसान सेवा योजना, मोबाइल एप तथा डीबीटी आदि के बारे में बताया। अध्यक्षता प्रधान शंभूनाथ चौरसिया तथा संचालन एडीओ एजी सुरेंद्र राय ने किया। इस मौके पर मास्टर ट्रेनर प्रेमचंद पाल, जिला वित्तीय सलाहकार सीबी मिश्र आदि मौजूद रहे। इसी प्रकार उप कृषि निदेशक जय प्रकाश ने धर्मापुर ब्लाक के प्राथमिक विद्यालय कौआपार में किसान पाठशाला का निरीक्षण किया। भूमि संरक्षण अधिकारी प्रथम डा. ओंकार सिंह मछलीशहर, द्वितीय विनोद यादव बदलापुर, जिला कृषि अधिकारी अमित चौबे ने केराकत, जिला कृषि रक्षा अधिकारी राजेश राय ने मुफ्तीगंज क्षेत्र में आयोजित किसान पाठशालाओं का निरीक्षण किया। इस दौरान किसानों को कम लागत में अधिक उत्पादन वाली तकनीकियों एवं योजनाओं की जानकारी दी गई।