सुजानगंज। मिसेज इंडिया क्वीन इंटरनेशनल 2018 चुने जाने पर सुचिता तिवारी का शनिवार को प्रणवम स्कूल ऑफ आर्ट्स के सम्मान में समारोह आयोजित किया गया। इस मौके पर सुचिता तिवारी ने कहा कि आप सब के स्नेह, प्यार और आशीर्वाद से यह मुकाम हासिल कर सकी हूं। सरायबीका निवासी सुश्री सुचिता तिवारी ने कहा कि मैं आपके ही बीच की बेटी हूं। इसी मिट्टी में पली और बढ़ी और यहीं से मेरी प्रारंभिक शिक्षा दीक्षा भी हुई है। इस महत्वपूर्ण मुकाम को हासिल करने के लिए आप सब द्वारा दिए गए संस्कार को मैंने अपनी प्रेरणा मानकर कड़ी मेहनत और बहुत ही संघर्ष किया तब जाकर आपकी लाडली बेटी को यह मुकाम हासिल हुआ। उन्होंने स्कूल के छात्र एवं छात्राओं को सुझाव देते हुए कहा कि जन्म से न तो कोई शिक्षित होता है और न ही संस्कारित। धीरे-धीरे यहीं पर एक दूसरे से सीखकर और स्वयं कड़ी मेहनत कर कोई भी मुकाम हासिल किया जा सकता है। किसी भी मुकाम को हासिल करने के लिए अपना एक लक्ष्य निर्धारित करना पड़ता है। उसी रास्ते पर चलकर ही सफलता प्राप्त की जा सकती है। विशिष्ट अतिथि मानवाधिकार कांग्रेस प्रकोष्ठ की प्रवक्ता रीवा तिवारी एवं श्री जगद्गुरु रामभद्राचार्य विकलांग विश्वविद्यालय के पीआरओ सूर्य प्रकाश मिश्र ने भी अपने विचार व्यक्त किए। समारोह की अध्यक्षता श्री रामभद्राचार्य विकलांग विश्वविद्यालय के वित्त अधिकारी रमापति मिश्र ने किया। तथा संचालन विद्यालय के प्रबंधक डॉ. प्रमोद के. सिंह ने किया। विद्यालय की प्रधानाचार्य सिल्जा प्रमोद ने आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर प्रदेश सचिव अभिषेक शुक्ला, सौरभ तिवारी, मयंक द्विवेदी आदि उपस्थित रहे।