जौनपुर। भाजपा कोर कमेटी की बैठक में पुलिस अधीक्षक सदस्यों के निशाने पर रहे। बैठक में अधिकतर सदस्यों ने कहा कि जिले में पुलिस विभाग में भ्रष्टाचार चरम पर है। थानों में कार्यकर्ताओं की सुनवाई नहीं हो रही है और बिना पैसे का कोई काम नहीं हो रहा है। प्रभारी मंत्री ने कहा कि स्थिति गंभीर है। मुख्यमंत्री को इस संबंध में अवगत कराऊंगी। बैठक में दोनों सांसद, एमएलसी विद्या सागर सोनकर और पूर्व जिलाध्यक्ष हरिश्चंद्र सिंह और केराकत विधायक दिनेश चौधरी नहीं आ पाए। एक विधायक ने जिले के एक कोतवाल पर मनमाना रवैया अपनाने और कई वर्षों से जमे होने का आरोप लगाया। एक मंत्री ने स्वास्थ्य विभाग में गड़बड़ियों की शिकायत की। अन्य वक्ताओं ने कहा कि पुलिस विभाग में भ्रष्टाचार इतना कभी नहीं था। पोस्टिंग से लेकर विवेचना के मामलों में शोषण हो रहा है। एक विधायक ने कहा कि पशु तस्करों के खिलाफ एक एसओ ने कार्रवाई शुरू की तो उसे हटा दिया गया। प्रभारी मंत्री ने कहा कि अब महीने में दो बार कोर कमेटी की बैठक होगी। कार्यकर्ताओं की सुनवाई न करने वाले और भ्रष्टाचार को बढ़ावा देने वाले अफसरों के खिलाफ कार्रवाई होगी। इस मौके पर प्रदेश उपाध्यक्ष एवं एमएलसी आचार्य लक्ष्मण, नगर विकास राज्यमंत्री गिरीश चंद्र यादव, विधायक बदलापुर रमेश चंद्र मिश्र, विधायक जफराबाद डा. हरेंद्र प्रसाद सिंह, भाजपा जिलाध्यक्ष सुशील उपाध्याय, महामंत्री पुष्पराज सिंह, संदीप तिवारी, रामहित निषाद, सचिन पांडेय, अंकित पांडेय, अविनाश तिवारी, शशिकांत, प्रभात शुक्ला आदि मौजूद रहे।