जौनपुर। जिले की प्रभारी मंत्री प्रो. रीता बहुगुणा जोशी ने कहा कि मनरेगा से जिन गांवों में एक हेक्टेयर से अधिक ग्राम समाज की भूमि है। वहां न्याय पंचायत स्तर पर एक बाड़ा लगाकर स्थान बनाया जाएगा। जहां छुट्टा पशुओं को रखने की व्यवस्था होगी। ऐसा प्रस्ताव तैयार कर वह मुख्यमंत्री को विकल्प के रूप में देंगी। मंजूरी मिलने के बाद ऐसी व्यवस्था लागू की जाएगी। पीडब्ल्यूडी के निरीक्षण भवन में अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक में अधिकारियों ने शिकायत की कि किसानों की फसल बर्बाद हो रही हैं। छुट्टा पशुओं के लिए शासन स्तर पर कोई विकल्प तैयार करने के लिए अपील की। बैठक के दौरान उन्होंने कई अधिकारियों की कार्य प्रणाली पर नाराजगी जताई। कहा कि प्रधानमंत्री आवास और शौचालय में गड़बड़ी की जिनकी शिकायत आ रही है, उसकी जांच कराकर ऐसे लोगों के खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए। आयुष्मान भारत के तहत लाभार्थियों की संख्या न बढ़ने पर भी इन्होंने सीएमओ को फटकार लगाई और उनकी सूची मांगी। मड़ियाहूं सहित कई स्थानों पर बनने वाले गौशाला पर कहा कि छुट्टा पशुओं की समस्या गंभीर है। इससे किसानों की फसलें बर्बाद होने की शिकायतें आ रही हैं। इसके लिए कोई वैकल्पिक इंतजाम शीघ्र ही कर लिया जाएगा। उन्होंने गांवों में सेक्रेटरी के नहीं जाने पर नाराजगी जताई और सीडीओ से कार्रवाई करने को कहा। नारी सशक्तिकरण अभियान पर भी उन्होंने समीक्षा की। कहा कि इसे प्राथमिकता के तौर पर चलाया जाए। उन्होंने बताया गया कि अभी तक एक लाख 39 हजार महिलाओं को इस योजना के तहत जागरूक किया गया है। बैठक में सीडीओ गौरव वर्मा, सीएमओ डा. रामजी पांडेय, जिला प्रोबेशन अधिकारी एसके सोनी, जिला विद्यालय निरीक्षक डा. बृजेश मिश्र आदि मौजूद रहे।