जौनपुर। जिलाधिकारी अरविंद मलप्पा बंगारी ने बुधवार को कलेक्ट्रेट परिसर से प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के प्रचार वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह प्रचार वाहन पूरे जनपद में भ्रमण कर कृषि से संबंधित योजनाओं का प्रचार प्रसार करेगा। साथ ही किसानों को जागरुक करने का काम करेगी। जिलाधिकारी अरविंद मलप्पा बंगारी ने बताया कि प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत रवी 2018 के इस मौसम में फसलों को ग्राम पंचायत स्तर पर अधिसूचित करते हुए संचालित किया जा रहा है। फसली ऋण लेने वाले समस्त कृषकों को अनिवार्य रूप से एवं गैर ऋणी कृषकों से स्वैच्छिक आधार पर फसल बीमा कवर किए जाते है। प्राकृतिक आपदाओं से नुकसान होने पर विमित कृषकों को क्षतिपूर्ति उपलब्ध कराई जाती है। इस बीमा की अंतिम तिथि 31 दिसंबर है। किसान इस तिथि तक अपने फसलों का बीमता करा लें। उन्होंने बताया कि गेहूं में प्रति हेक्टेयर रुपया 700 . 4 4 प्रीमियम पर रुपया 46696 का बीमा, चना में रुपया 652.16 प्रीमियम पर रुपया 43477 का बीमा, मटर में रुपया 581.57 प्रीमियम पर 38771 का बीमा, लाही सरसों पर रुपया 575.72 प्रीमियम पर रुपए 38381 का बीमा एवं आलू पर रुपया 3322 प्रीमियम प्रति हेक्टेयर पर रुपया 66440 का बीमा कवर दिया जाएगा जबकि गैर ऋणी कृषकों को बैंक खाता, आधार कार्ड, खतौनी फसल बुवाई का स्व प्रमाण पत्र और निर्धारित प्रीमियम की धनराशि देना होगा। इस मौके पर कृषि विभाग के विषय वस्तु विशेषज्ञ डॉ रमेश चंद्र यादव आदि मौजूद रहे।