जौनपुर। अब नुक्कड़ नाटक के माध्यम से ग्रामीणों को खुले में शौच नहीं करने व शौचालय का प्रयोग करने के प्रति जागरूक किया जाएगा। इसके लिए कुल 42 नुक्कड़ नाटक की टीमों का गठन किया गया है। हर ब्लाक में दो-दो टीमें काम करेंगी। इनके द्वारा ग्राम पंचायतों में जाकर नुक्कड़ नाटक कर ग्रामीणों को खुले में शौच नहीं करने और उससे होने वाले हानी सहित शौचालय का प्रयोग करने व उससे होने वाले लाभ बताने का कार्य किया जाएगा। जिले में कुल 21 ब्लाक और 1749 ग्राम पंचायतें हैं। सूची में शामिल लोगों के यहां शौचालय बनवाकर जिले को ओडीएफ घोषित कर दिया गया है। वहीं ग्रामीणों को खुले में शौच नहीं करने और शौचालय का प्रयोग करने के लिए जागरूक करने हेतु स्वच्छाग्राहियों की टीम लगाई गई है। लेकिन इन स्वच्छाग्राहियों की टीमें सुस्त है। इससे आज भी लोग खुले में शौच करने जा रहे हैं। कोई ऐसा गांव नहीं है, जहां ग्रामीण सुबह व शाम खुले में शौच करने नहीं जाते हों। जिसे गंभीरता से लेते जिला प्रशासन द्वारा ग्राम पंचायतों में नुक्कड़ नाटक कराने का निर्णय लिया गया है। इसके लिए सूचना विभाग में रजिस्टर्ड 42 सांस्कृतिक टीमों का चयन किया गया है।जिनके द्वारा ग्राम पंचायतों में जाकर लोगों को नुक्कड़ नाटक के माध्यम से स्वच्छ भारत मिशन के उद्देश्यों सहित खुले में शौच करने से होने वाली हानी व शौचालय का प्रयोग करने के लिए ग्रामीणों को जागरूक किया जाएगा।