जौनपुर। शहर में मधारेटोला मोहल्ले में सड़क किनारे लगा बिजली का लोहे का पोल सड़क पर लटक रहा है। जिससे कभी भी हादसा हो सकता है। स्थानीय लोगों ने कई बार बिजली विभाग के अधिकारियों से शिकायत की लेकिन पोल को न तो ठीक किया गया और न हीं वहां से हटाया गया। खोवा मंडी से निकलकर नगरपालिका की ओर जाने वाली गली में स्थित पोल के चलते आए दिन जाम भी लगता है। स्थानीय निवासी शिवशंकर प्रजापति का कहना है कि लोहे के पोल पर बिजली के नंगे तारों का जाल है जिससे पोल में करेंट उतरता है। पोल के पास ही अमर उजाला अखबार की एजेंसी है। जहां सुबह समाचार पत्र विक्रेताओं की भीड़ जमा होती है। पोल यहां से नहीं हटाया गया तो कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है।