फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

जीवन मृत्यु से परे है डा. लालजी का व्यक्तित्व: स्वामी चिन्मयानंद

विज्ञापन
विज्ञापन
सिकरारा। पूर्व केंद्रीय गृह राज्यमंत्री स्वामी चिन्मयानंद ने कहा कि डॉ. लालजी सिंह का व्यक्तित्व जीवन मृत्यु से परे है। मृत्यु जीव को मार सकती है लेकिन जीवन को मारने की क्षमता उसमें नहीं है। वे देश की अनमोल धरोहर थे। वह सोमवार को उनके पैतृक गांव कलवारी स्थित राहुल महाविद्यालय पर उनकी पहली पुण्य तिथि पर आयोजित श्रद्धांजलि समारोह में बतौर मुख्य वक्ता बोल रहे थे। उन्होंने कहा कि इस महान वैज्ञानिक ने देश व विश्व को जो दिया उसका ऋण चुका पाना असंभव है। वे मानवता की सेवा के लिए सदैव तत्पर रहे। उनका मूल्यांकन किसी पुरस्कार अथवा बीएचयू के कुलपति पद से नहीं किया जा सकता। जीनोम फाउंडेशन उसका जीता जागता उदाहरण है, जो दूर ग्रामीण इलाकों में जेनेटिक बीमारियों की पहचान व उपचार के क्षेत्र में कार्य कर रहा है। पूर्व गृह राज्यमंत्री ने कहा कि डॉ. लालजी सिंह ने किसी व्यक्ति, जाति, समूह के लिए नहीं बल्कि समाज के हर तबके के लिए कार्य किए हैं। उन्होंने कहा कि मैं प्रदेश के मुख्यमंत्री से बात करके डॉ. लालजी सिंह के नाम पर एक भव्य व आधुनिक रिसर्च इंस्टीच्यूट बनाने की बात करूंगा। जीनोम फाउंडेशन के निर्माण में धन की कमी नहीं आएगी। बीएचयू के प्रो. जीपी द्विवेदी ने कहा कि डॉ. लालजी सिंह की आत्मा उनके गांव कलवारी में ही बसती थी। टीडी कालेज के प्रबंधक अशोक कुमार सिंह व्यापार मंडल अध्यक्ष इंद्रभान सिंह इन्दू ने डॉ. सिंह के नाम पर प्रयोगशाला स्थापित करने की बात कही। कार्यक्रम की शुरुआत पूर्व केंद्रीय गृह राज्यमंत्री ने उनके चित्र के सामने दीप प्रज्ज्वलन कर किया। डॉ. विपुल सिंह, डॉ. राहुल सिंह, डॉ. विकास सिंह, डॉ. नमिता सिंह, लल्लन उपाध्याय, राजकुमार सिंह व अजीत सिंह को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया। समन्वयक अरुण सिंह व राहुल महाविद्यालय के प्रबंधक अमिताभ सिंह ने अतिथियों को अंगवस्त्रम व स्मृति चिन्ह भेंट किया। स्वागत भाषण डॉ. आशीष सिंह ने व आभार प्राचार्य डॉ. अजय श्रीवास्तव ने ज्ञापित किया। इस अवसर पर विजय पाल सिंह, पूर्व प्रमुख सुरेन्द्र सिंह, डॉ. डीआर सिंह, सुधाकर उपाध्याय, जिलाध्यक्ष संतोष सिंह, दीपक सिंह, डॉ. सुभाष सिंह, डॉ. सूर्य प्रकाश सिंह मुन्ना, गोरखनाथ मिश्र, आदि मौजूद रहे। संचालन लल्लन उपाध्याय ने किया।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें