जौनपुर। वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय में स्वामी विवेकानंद की जयंती पर 12 जनवरी को विश्वविद्यालय परिसर में योग का कीर्तिमान बनेगा। परिसर में एक साथ दो लाख से अधिक लोग एक साथ योगाभ्यास करेंगे। योग की तैयारी को लेकर प्रांतीय प्रभारी आचार्य संजीव ने सोमवार को तैयारियों का जायजा लिया।
प्रांतीय प्रभारी आचार्य संजीव व महिला पतंजलि योग समिति की प्रांतीय प्रभारी आज जनपद के कार्यकर्ताओं के साथ कुलपति प्रो. राजाराम यादव से औपचारिक मुलाकात कर कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए विचार विमर्श किया। योग शिविर स्थल की तैयारियों का भी जायजा लिया। कुलपति प्रो. राजाराम ने बताया कि युवाओं की अपरिमित शक्ति और सामर्थ्य को राष्ट्रहित में लगाने के उद्देश्य से उनको प्रेरित किया जाएगा। इसी उद्देश्य से भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। जिसमें दो लाख से अधिक युवाओं के द्वारा योगाभ्यास व सूर्यनमस्कार करके वैश्विक स्तर पर एक नया कीर्तिमान बनाया जाएगा। इस मौके पर पतंजलि योग समिति के प्रांतीय सह प्रभारी अचल हरिमूर्ति, प्रान्तीय महाविद्यालय प्रभारी संजय श्रीवास्तव ,पूर्व न्यायाधीश भगवान सिंह, वित्त एवं लेखाधिकारी डा. एमके सिंह उपस्थित रहे।