बदलापुर। कस्बे में सड़कों पर दुकानदारों, ठेले-खोमचे वालों और आटो चालकों के अतिक्रमण के चलते जाम की समस्या गंभीर होती जा रही है। इससे निजात दिलाने के लिए जिला प्रशासन पुलिस और नगर निकाय के सहयोग से अतिक्रमण के खिलाफ अभियान चलाएगा। नेशनल हाईवे ही नहीं बल्कि महराजगंज, घनश्यामपुर तथा सिंगरामऊ रोड भी अतिक्रमण की चपेट में है। प्राइवेट टैक्सी बस स्टैंड और चौक पर भी रोज जाम लगता है। इससे छात्र-छात्राओं, तहसील में आने वाले वादकारियों, अधिवक्ताओं, शिक्षकों को परेशानी उठानी पड़ रही है। एसडीएम सत्य प्रकाश का कहना है कस्बे को अतिक्रमण मुक्त करने के लिए ईओ और पुलिस अधिकारियों के साथ बैठक कर रणनीति बनाई जाएगी। इसके बाद अभियान चलाकर अतिक्रमण हटाया जाएगा।