सिकरारा। जिला स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता का शुभारंभ शनिवार को सिकरारा स्थित ब्लाक संसाधन केंद्र परिसर में सांस्कृतिक कार्यक्रमों के बीच हुआ। प्रतियोगिता का पहला दिन सिर्फ विभिन्न वर्गों की दौड़ प्रतियोगिता पूरी कराने में ही बीत गया। दौड़ में मडिय़ाहूं तहसील के धावकों का दबदबा रहा। बालिका वर्ग में 200 मीटर दौड़ में मडिय़ाहूं की आंचल पहले स्थान पर रही जबकि इसी वर्ग में 100 मीटर की दौड़ में इसी तहतील की प्रियांशी ने बाजी मारी। जिला बेसिक शिक्षा विभाग की ओर से आयोजित दो दिवसीय जिला स्तरी खेलकूद प्रतियोगिता का शुभारंभ माँ सरस्वती की प्रतिमा पर दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ।
प्रतियोगिता के शुभारंभ के मौके पर मुख्य अतिथि समाज सेवी एवं उद्योगपति ज्ञान प्रकाश सिंह व जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी डा. राजेंद्र सिंह ने ध्वजारोहण कर हवा में गुब्बारे छोड़े और कबूतर उड़ाए। मुख्य अतिथि ने खिलाडिय़ों के मार्च पास्ट की सलामी ली। प्रतियोगिता सुबह 9:30 बजे से शुरू होनी थी लेकिन शुभारंभ करीब डेढ़ घंटे की देरी से 11 बजे हुआ। घंटेभर से अधिक समय अतिथियों के स्वागत और भाषण में बीत गया। एक बजे से खेल शुरू हुआ। पहले दिन दौड़, कबड्डी और खोखो प्रतियोगिता पूरी होनी थी लेकिन अंधेरा होने के कारण कबड्ड़ी और खोखो प्रतियोगिता का फाइनल नहीं हो सका। अधूरी प्रतियोगिताओं का फाइनल मुकाबला अब रविवार को होगा। प्रतियोगिता में जिले के सभी छह तहसीलों के प्राथमिक और जूनियर हाईस्कूल के प्रतिभावान खिलाडिय़ों को शामिल किया गया है। जिला स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता में उन खिलाडिय़ों को शामिल किया गया जो ब्लाक और तहसील स्तर पर हुई प्रतियोगिता में विभिन्न खेलों में अव्वल रहे हैं। 50 मीटर की दौड़ में बालिका वर्ग में मछलीशहर तहसील की पिंकी पाल को प्रथम तथा मडिय़ाहूं की प्रियांशी को द्वितीय स्थान मिला। 100 मीटर में मडिय़ाहूं की प्रियांशी को पहला तथा केराकत की संध्या को दूसरा स्थान मिला। उच्च प्राथमिक वर्ग की 200 मीटर रेस में मडिय़ाहूृं की ही आंचल प्रथम तथा केराकत की सोनी पाल दूसरे स्थान पर रहीं। 100 मीटर रेस में शाहगंज की सोनम ने केराकत की शिनज बानों को पछाड़ कर पहला स्थान प्राप्त किया। प्राथमिक वर्ग बालक वर्ग में 50 मीटर रेस में शाहगंज के विकास कुमार को पहला, मडिय़ाहूं के सईद को दूसरा स्थान मिला। 100 मीटर के विजेता शाहगंज के विजय कुमार हुए। उच्च प्राथमिक वर्ग में बालक वर्ग में 100 मीटर की रेस में केराकत के निर्मित यादव को पहला स्थान मिला। जबकि मडिय़ाहूं के मोहित राजभर को दूसरा स्थान मिला। इसी वर्ग की 200 मीटर में मडिय़ाहूं के मोहित को पहला तथा सदर तहसील के रवि कुमार को दूसरा स्थान मिला।
सिकरारा। जिला स्तरीय बाल क्रीड़ा प्रतियोगिता के शुभारंभ के मौके पर मुख्य अतिथि समाज सेवी ज्ञान प्रकाश सिंह ने समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि बच्चे देश के भविष्य हैं। इनके भीतर छिपे कौशल को निखार कर गुरुजन उन्हें आदर्श नागरिक बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएं।
उन्होंने भरोसा दिया कि वे सभी सरकारी प्राथमिक विद्यालयों की मूल भूत जरूरतों को अपने स्तर से वर्ष 2020 तक पूरा करने का प्रयास करेंगे। इलिमपुर विद्यालय से इसकी शुरुआत हो चुकी है। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी डा. राजेंद्र ने कहा कि हमारे विद्यालयों में निरन्तर प्रगति हो रही है। कार्यक्रम के सह संयोजक प्राथमिक शिक्षक संघ के जिला अध्यक्ष अमित सिंह ने अतिथियों को स्मृति चिह्न भेंटकर सम्मानित किया। अतिथि ने खिलाडिय़ों के मार्च पास्ट की सलामी ली। सभी 6 तह सीलों के एथलीट रंग विरंगे गण वेश में मार्च पास्ट का बेहतरीन प्रदर्शन किया। छात्र छात्राओ ने सरस्वती वंदना, स्वागत गान, देश गान, भाव गीत, लोक नृत्य, लोक गीत का मनोहारी कार्यक्रम प्रस्तुत किया। इस अवसर पर अरविंद सिंह, कार्यक्रम के संयोजक खंड शिक्षा अधिकारी राजीव यादव, बसंत शुक्ल, रविंद्र पटेल, जय कुमार यादव, शैल पति यादव, मंगरु राम, राजेश कुमार, सत्य प्रकाश पाण्डेय, विजय बहादुर सिंह, जगदीश सिंह आदि रहे। अध्यक्षता पूर्व प्रमुख सुधाकर उपाध्याय तथा संचालन सुशील उपाध्याय व संयुक्ता सिंह ने किया।
डोभी। गोंडा में हुए 63 वें सीनियर नेशनल कुश्ती चैंपियनशिप प्रतियोगिता 2018 में 55 किलो भार वर्ग में कांस्य पदक विजेता गौतम यादव पहलवान का स्वागत शनिवार को इंटर कॉलेज मढ़ी में हुआ। वे इस कालेज के पूर्व छात्र व हरधन गांव निवासी हैं। इस समय वह रेलवे मुगलसराय चंदौली में कार्यरत हैं। उनकी शिक्षा दीक्षा गांव के ही प्राथमिक विद्यालय व इंटर कॉलेज मढ़ी से हुई है। गौतम यादव पहलवान ने बताया कि पहलवानी की शुरुआत बोदरी अखाड़े से की। स्पोर्ट हॉस्टल सैफई इटावा में सात साल रहकर कुश्ती का अभ्यास किया । 2017 में स्पोर्ट कोटा से हमारा चयन रेलवे में हो गया । मेरे बाबा स्व.राम लखन यादव भी पहलवान थे।उन्हीं की प्रेरणा से मैने भी पहलवानी में नई ऊंचाई प्राप्त की। बचपन में ही हमारे पिता का देहांत हो गया था। मेरे चाचा हरिलाल यादव जो सीआरपीएफ से रिटायर थे । उन्होने मार्गदर्शन किया । साथ ही हर तरीके की सहायता प्रदान की ।स्वागत करने वालों में प्रबंधक विनय कुमार सिंह ,प्रधानाचार्य साहब सिंह सहित प्रधान दिनेश यादव, प्रधान रविंद्र यादव, चंद्रदेव पहलवान,रमेश यादव, बाबूलाल यादव, राम अवतार सोनकर, सोमनाथ सिंह,प्रदीप पहलवान, जितेंद्र सिंह, धर्मेंद्र चौहान, आलोक सागर आदि ने स्वागत किया।
सुईथाकला । शारदा प्रीमियर लीग के दूसरे दिन शनिवार को हुए मैच में सेंट थॉमस इंटर कालेज शाहगंज को हराकर मां शारदा महाविद्यालय सुइथाकलां ने फाइनल में पहुंची।
पहला मैच डीपीएड समोधपुर व डायट जौनपुर के बीच खेला गया। जिसमें समोधपुर की टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 10 ओवर में 100 रन बनाया। जवाब में उतरी डायट की टीम ने 7 विकेट से मैच जीत लिया। वहीं दूसरा मैच मां शारदा महाविद्यालय व सेंट थॉमस इंटर कालेज, शाहगंज के बीच खेला गया। जिसमें मां शारदा ने अभिनव पांडेय के 55 रन के बदौलत 4 विकेट खोकर 139 रन बनाया। जवाब में उतरी सेंट थॉमस की टीम 5 विकेट खोकर 91 रन ही बना सकी। इस तरह मां शारदा ने सेमीफाइनल जीतकर फाइनल में अपना स्थान पक्का कर लिया।