खेतासराय। नगर विकास राज्यमंत्री गिरीश चंद्र यादव ने गुरुवार की रात मानीखुर्द गांव में चौपाल लगाकर समस्याएं सुनीं। साथ ही ग्रामीणों से उनकी समस्याओं के बारे में पूछा। इस दौरान योजनाओं के प्रगति के बारे में भी जानकारी ली।
नगर विकास राज्यमंत्री गिरिश यादव ने कहा कि केंद्र व प्रदेश सरकार द्वारा चलाई जा रही जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी। बाल संरक्षण अधिकारी चंदन राय से विधवा पेंशन, महिला हेल्पलाइन, बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ आदि योजनाओं के बारे में जानकारी ली। वहीं एडीओ समाज कल्याण आसिफ ने बताया कि चार महिलाओं को विधवा पेंशन, 41 को वृद्धा पेंशन एवं तीन लोगों को दिव्यांग पेंशन दिया जा रहा है। पूर्ति निरीक्षक राकेश कुमार ने बताया कि गांव में 210 पात्र गृहस्थी एवं 37 अंत्योदय कार्डधारक हैं। सेक्रेटरी शिवमूरत यादव ने बताया कि शौचालय का कुल लक्ष्य 86 का था। जिसमें से 31 शौचालय बनाए जा चुके हैं। राज्य मंत्री ने शेष को शीघ्र पूर्ण करने का निर्देश दिया। बिजली विभाग की योजनाओं की जानकारी लेते हुए राज्यमंत्री ने कहा कि ऐसा संज्ञान में आया है कि मीटर एवं केबिल लगाने के लिए अवैध वसूली की जा रही है। जिस पर जेई संतोष यादव को जांचकर वसूली करने वाले के विरुद्ध कार्यवाही करते हुए अवगत कराने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि सरकारी योजनाओं का लाभ प्रदान करने के लिए लाभार्थियों से अनुचित धन वसूली न की जाए। ऐसी शिकायत आने पर संबंधित की जांच कराकर सख्त कार्यवाही की जाएगी। इस अवसर पर उपजिलाधिकारी शाहगंज राजेश कुमार, उपायुक्त मनरेगा कमलेश सोनी, खंड विकास अधिकारी अनुराग सिंह, ग्राम प्रधान उदयभान यादव, अजय सिंह, वीडीसी रामलोचन यादव, रामसूरत बिन्द आदि उपस्थित रहे।