जौनपुर। सपा नेता पूर्व मंत्री शाहगंज के विधायक शैलेंद्र यादव ललई ने कहा कि प्रदेश में रामराज नहीं बल्कि जेलों में जरूर आ गया है। जेल में हत्याएं हो रही है। बड़े अपराधी जश्न मना रहे हैं और सरकार चुप बैठी है। सपा के राज में प्रदेश में विकास की जो गंगा बही थी, जो परियोजनाएं शुरू किया गया था उसे बंद करा दिया गया है। जो कार्य पूर्ण हो चुके थे, उस पर पत्थर लगाकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ फीता काट रहे हैं।
पूर्वमंत्री अपने मियांपुर स्थित आवास पर पत्रकारों के साथ बातचीत कर रहे थे। उन्होंने मुख्यमंत्री द्वारा जिले में निर्माणाधीन मेडिकल कालेज का नाम उमानाथ सिंह के नाम करने की घोषणा पर कड़ी आपत्ति जताई और इसका नाम राजा यादवेंद्र दत्त दूबे के नाम पर करने की मांग की। उन्होंने कहा कि सपा की सरकार में इसका नाम समाजवादी मेडिकल कालेज या अंबेडकर मेडिकल कालेज किया जाएगा। उन्होंने कहा कि सोमवार को बुलंदशहर में एक खास कलर गमछा सिर बांधे हुए लोगों ने एक पुलिस इंस्पेक्टर की हत्या कर दी। इससे यह साबित होता है कि प्रदेश में जंगलराज है। योगी के राज में प्रदेश की क़ानून व्यवस्था बदहाल हो चुकी है। योगी से प्रदेश नहीं संभल रहा है। पूर्व मंत्री ने कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार कोई विकास कर नहीं रही है। केवल जनता से झूठ बोलकर राज करना चाहती है। अब चुनाव आ गया है तो भगवान और महापुरुषों का जाति बता रहे हैं। इस मौके पर पूर्व जिला पंचायत सदस्य हिसामुद्दीन, सपा नेत्री पूनम मौर्या, राहुल त्रिपाठी आदि मौजूद रहे।