बदलापुर। उपजिलाधिकारी ज्वाइंट मजिस्ट्रेट के निर्देशन पर सोमवार को देर रात नायब तहसीलदार कृष्णराज सिंह ने गल्लामंडी में अवैध ढंग से गल्ला का व्यवसाय करने वाले आढ़तियों की दुकान पर छापेमारी की। इस दौरान आढ़तिया अपनी दुकान का शटर धड़ाधड़ बंदकर मौके से भाग गए। छापेमारी करने वाली टीम ने मौके से धान लदी दो पिकअप पकड़ कर पुलिस को सौंप दिया। दोनों पिकअप पर कुल 75 बोरा धान लदा था। नायब तहसीलदार कृष्णराज सिंह ने बताया कि अवैध व्यवसाय करने वाले आढ़तियों के स्टाक में अवैध ढंग से सैकड़ों कुंतल अनाज आज भी रखा हुआ है। यह सभी आढ़तिया सरकार के राजस्व की भारी क्षति पहुंचा रहे हैं। इन आढ़तियों के पास आढ़त का लाइसेंस नहीं है। वहीं, स्टाक रजिस्टर और मंडी शुल्क रसीद आदि अभिलेख भी नहीं है। छापेमारी टीम में छोटेलाल विश्वकर्मा, सुरेंद्र सिंह, महेंद्र यादव, रामसकल आदि रहे।