जौनपुर। अंतर महाविद्यालय क्रिकेट प्रतियोगिता में पहला मैच सल्तनत बहादुर पीजी कालेज बदलापुर, राष्ट्रीय पीजी कालेज सुजानगंज जौनपुर के बीच खेला गया। जिसमें सल्तनत बहादुर पीजी कालेज ने राष्ट्रीय पीजी कालेज सुजानगंज को 53 रनों से पराजित किया। राष्ट्रीय पीजी कालेज ने टास जीतकर पहले गेंदबाजी करने का निर्णय लिया। सल्तनत बहादुर की टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवरों में 3 विकेट के नुकसान पर 130 रन का स्कोर खड़ी किया। जिसमें अंकित सिंह ने 26 गेंद पर 2 छक्का एवं 3 चौके की मदद से नाबाद 40 रन, अश्वनी सिंह ने 19 गेंद पर एक छक्का एवं 3 चौके की मदद से नाबाद 29 रन तथा अजीत चौरसिया ने 36 गेंद पर 3 चौके की मदद से 28 रन बनाए। गेंदबाजी में राष्ट्रीय पीजी कालेज सुजानगंज की तरफ से अजय तिवारी, वकीम अली एवं पवन कुमार ने एक-एक विकेट लिए। जवाब में लक्ष्य का पीछा करते हुए पीजी कालेज सुजानगंज की टीम 16.1 ओवर में सभी विकेट खोकर 77 रन बनाए। जिसमें वकीम अली ने 18 गेंद पर 27 रन एवं अंकित शर्मा ने 23 गेंद पर 19 रनों का योगदान दिया। गेंदबाजी में सल्तनत बहादुर पीजी कालेज की तरफ से अंकित सिंह ने 3.1 ओवर में 14 रन देकर 4 विकेट, संजय, शशांक यादव एवं अतुल श्रीवास्तव ने दो-दो विकेट लिए। दूसरा मैच इंदिरा गांधी स्टेडियम सिद्दीकपुर के मैदान पर पीजी कालेज गाजीपुर और डा. अख्तर हसन रिजवी शिया डिग्री कालेज के बीच खेला गया। पीजी कालेज गाजीपुर ने टास जीतकर पहले बल्लेबाजी की। निर्धारित 20 ओवर में 6 विकेट के नुकसान पर 125 रन बनाए। जिसमें अर्पित चौरसिया ने 26 गेंद पर 24 रन, शशांक पांडेय ने 16 गेंद पर 24 रन तथा दुर्गेश कुमार ने 24 गेंद पर 19 रनों का योगदान दिया। गेंदबाजी में सुमित, ओम प्रकाश, निखिल, नवदीप ने एक-एक विकेट लिए। जवाब में डा. अख्तर हसन पीजी कालेज निर्धारित 126 रनों का लक्ष्य का पीछा करते हुए 20 ओवर में सभी विकेट खोकर 124 रन बनाए। जिसमें जयवर्धन सिंह 41 गेंद पर 63 रन एवं सुमित ने 23 गेंद पर 30 रनों का योगदान दिया। गेंदबाजी में पीजी कालेज, गाजीपुर की तरफ से रोशन कुमार, नील प्रताप एवं शशांक पांडेय ने 2-2 विकेट लिए। पीजी कालेज गाजीपुर की टीम ने एक रन से मैच जीत लिया। इससे पहले उद्घाटन वित्त अधिकारी एमके सिंह, कुलसचिव सुजीत कुमार जासवाल, अध्यक्ष, खेलकूद परिषद वीरेन्द्र विक्रम यादव, सचिव खेलकूद परिषद डा. शेखर सिंह, संयुक्त सचिव डा. विजय प्रताप तिवारी, डा. रामाश्रय शर्मा, डा. आलोक कुमार सिंह, रजनीश सिंह, अशोक कुमार सिंह, डा. राजेश सिंह, मोहन चंद्र पाण्डेय, अरुण कुमार सिंह आदि मौजूद थे। आयोजन सचिव डा. मनोज मिश्र, ने स्वागत किया। निर्णायक की भूमिका राजेश पटेल, प्रदीप पटेल, भूपेन्द्र वीर सिंह, विवेक यादव एवं स्कोरर की भूमिका निखिल यादव एवं पवनेश एवं अलका सिंह चौहान ने निभाई।