जौनपुर। सिपाह के पास अंडरब्रिज के आगे सकरी पुलिया के पास ट्रक गुरूवार की भोर में खराब हो गया। जिसकी वजह से सिपाह से लेकर नईगंज तक चार किमी तक सुबह 6 बजे से साढ़े 8 बजे तक जाम लग गया। जाम लगने से स्कूली बसें फंस गई और पांच हजार से अधिक छात्र समय से स्कूल नहीं जा पाए। जो अभिभावक बसें नहीं आने पर बच्चों को छोड़ने गए, वह भी जाम में फंसकर परेशान हो गए। शहर के उत्तरी हिस्से में सेंट जॉन्स, सेंट पैट्रिक, प्रसाद इंस्टीच्यूट सहित 20 से अधिक स्कूल हैं। इन स्कूलों की तकरीबन 200 बसें, मैजिक, सूमो, ऑटो शहर में सिपाह रेलवे क्रासिंग से होकर बच्चों को लेने आती जाती है। सुबह में सिपाह के आगे निर्मित पुलिया के पास ट्रक खराब हो गया। जिसकी वजह से सुबह 7 बजे से ही जाम लगना शुरू हो गया। जाम के दौरान ही एक दूसरा ट्रक भी फंस गया। इसका असर धीरे-धीरे पूरे शहर पर पड़ने लगा। जो बसें शहर में बच्चों को लेने आ चुकी थी। वह बच्चों को लेकर फंस गई और जो नहीं आ पाए थे वह क्रासिंग के उस पार फंसे रहे। इसी दौरान सीहीपुर और जगदीशपुर में रेलवे क्रासिंग बंद होने से पूरा शहर जाम से जकड़ गया। नईगंज से लेकर पचहटियां तक तकरीबन पांच किमी जाम लग गया। जाम समाप्त कराने में यातायात पुलिस को काफी मशक्कत करनी पड़ी। साढ़े आठ बजे के पास स्थिति सामान्य हो सकी। यातायात निरीक्षक विजय प्रताप सिंह ने बताया कि दो ट्रकों के खराब होने की वजह से सुबह जाम लग गया। इसी दौरान सिपाह, जगदीशपुर और सीहीपुर की क्रासिंग आधे घंटे के अंतराल में बंद होने से जाम का असर पूरे शहर में हो गया। जिसे शीघ्र ही समाप्त करा दिया गया।