जौनपुर। लाइनबाजार थाना क्षेत्र के सीहीपुर गांव के पास निर्माणाधीन फोरलेन पर पुलिया और अंडर पास बनाने की मांग को लेकर धरने पर बैठे किसानों ने बुधवार को फोरलेन निर्माण का काम रोक दिया। भारतीय किसान यूनियन के बैनर तले धरने पर बैठे किसानों का कहना है कि अगर मौके पर पुलिया का निर्माण नहीं किया गया तो बारिश के समय में 100 एकड़ से अधिक खेत और कई बस्तियों में भी जलभराव हो जाएगा। अंडरपास का निर्माण न होने से स्थानीय किसानों को खेत में जाने के लिए कई किलोमीटर का सफर करना होगा।
लखनऊ वाराणसी राष्ट्रीय राजमार्ग को फोरलेने बनाने का काम चल रहा है। सीहीपुर गांव के पास किसान सड़क का निर्माण शुरू होने के दौरान से ही पुलिया और अंडर पास रास्ता बनाने की मांग कर रहे थे। लेकिन किसानों की मांग को नजर अंदाज करते हुए हाईवे का निर्माण करा रही कंपनी के ठेकेदार ने रातोरात सैकड़ों डंफर से मिट्टी डलवाकर काफी ऊंचाई तक मिट्टी भर दिया। स्थानीय किसानों की समस्या को देखते हुए भारतीय किसान यूनियन के जिलाध्यक्ष राजनाथ यादव ने संगठन के तमाम किसानों के साथ पिछले 24 नवंबर से सीहीपुर गांव के पास हाईवे पर धरने पर बैठ गए हैं। किसान नेता ने चेतावनी दी है कि जबतक उनकी मांग को पूरा नहीं किया जाएगा तबतक धरना चलता रहेगा।
उधर निर्माण कर रही कंपनी के ठेकेदार ने मंगलवार को जब सीहीपुर के पास सड़क निर्माण के लिए गिट्टी डालने की कोशिश की तो आंदोलित किसानों ने निर्माण को रोक दिया। किसानों के गुस्से के आगे ठेकेदार को काम बंद करना पड़ा। किसान नेता बलिराम यादव ने कहा है कि जबतक स्थानीय किसानों की मांग को पूरा नहीं किया जाएगा तबतक किसान धरना समाप्त नहीं करेंगे। सड़क पर ही बैठे रहेंगे और निर्माण किसी भी सूरत में नहीं होनें देंगे। किसानों ने करो या मरो का नारा भी लगाया। इस मौके पर पारसनाथ सिंह, जयराम यादव, क्षेत्र पंचायत सदस्य ओमप्रकाश, सुरेश कुमार, कृपाशंकर, अंकित यादव, अमित, लल्लन, विनोद सिंह, सल्लू, पिंटू यादव, गोदानी, बंटी समेत अन्य किसान मौजूद थे।