बदलापुर। केंद्र व प्रदेश सरकार की योजनाओं से लाभान्वित होने वाले लोगों को पदयात्रा के दौरान भाजपाई डोर टू डोर जाकर सम्मानित करेंगे। उनके द्वारा लाभार्थी का माल्यार्पण करने के साथ ही पार्टी का झंडा व सरकार की उपलब्धियों से संबंधित साहित्य प्रदान कर सम्मानित किया जाएगा। इसके लिए मंगलवार को निरीक्षण भवन में विधानसभा क्षेत्र स्तरीय बैठक हुई।जिसमें एक से 15 दिसंबर तक चलने वाली पदयात्रा की तैयारी की गई। लोकसभा क्षेत्र प्रभारी सुशील त्रिपाठी ने कहा कि विधान सभा क्षेत्र स्तर पर 25-25 कार्यकर्ताओं की छह टोलियां बनाई गई हैं। एक दिन में एक टोली तीन गांवों में पहुंचकर डोर टू डोर केंद्र व प्रदेश सरकार की योजनाओं से लाभान्वित लाभार्थियों को सम्मानित करेगी । सरकार की नीतियों व योजनाओं को भी बताएगी। बैठक की अध्यक्षता जिला उपाध्यक्ष पंकज मिश्र, गंगा सिंह, संजीव शर्मा, लक्ष्मीकांत मिश्र, रामसमुझ उपाध्याय, अभय राय, विनोद शर्मा, अनिल सिंह शक्ति आदि उपस्थित रहे।