जौनपुर। मिजिल्स रुबेला टीकाकरण के लिए जिले में शुरु हुए अभियान के पहले दिन 17 लाख लक्ष्य के सापेक्ष 69700 बच्चों का टीकाकरण हुआ। एक सप्ताह तक शिक्षण संस्थाओं में अभियान चलाकर छात्रों का टीकाकरण किया जाएगा। अभियान का उद्िघाटन बयालसी इंटर कालेज जलालपुर में जफराबाद विधायक डा. हरेंद्र प्रसाद सिंह और सीएमओ डा. रामजी पांडेय ने किया। सीएमओ ने बताया कि पहले दिन 19 ब्लाकों की आई रिपोर्ट में 69700 छात्रों का टीकाकरण हुआ है। यह अभियान सवा माह तक नियमित रूप से चलाया जाएगा। इसमें नौ माह से 15 वर्ष तक के छात्रों को टीकाकरण किया जाएगा।
जलालपुर: बयालसी इंटर कालेज परिसर में मिजिल्स रुबेला टीकाकरण अभियान का उद्घाटन मौके पर विधायक डा. हरेन्द्र प्रसाद सिंह व सीएमओ डा. रामजी पांडेय ने एक छात्रा को टीका लगाकर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। प्रधानाचार्य डा. शैलेंद्र कुमार सिंह ने आभार व्यक्त किया। प्राथमिक विद्यालय हकारीपुर में प्रधानाध्यापिका निशा मिश्रा की देखरेख में 180 बच्चों का टीकाकरण कराया गया।
मुंगराबादशाहपुर: नईगंज प्राथमिक विद्यालय में पीएचसी प्रभारी डा. आरपी सिंह तथा नगरपालिका परिषद के चेयरमैन शिवगोविंद साहू ने फीता काटकर टीकाकरण अभियान का शुभारंभ किया। सरकारी, गैर सरकारी 313 स्कूलों 9 माह से 15 वर्ष तक के बच्चों को स्वास्थ्य विभाग की ओर से टीका लगाने का लक्ष्य हैं।
सिकरारा: क्षेत्र के प्राथमिक विद्यालय हरिबल्लभपुर पर मीजिल्स रुबेला टीकाकरण अभियान की शुरुआत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के प्रभारी चिकित्सक डा. श्यामधर वर्मा ने किया। कार्यक्रम में प्रधानाध्यापक उर्मिला यादव, संकुल प्रभारी सुनील सिंह मौजूद थे।
मछलीशहर: रूबेला और खसरा से मुक्ति दिलाने के लिए स्वास्थ्य विभाग प्रथम चरण में 360 विद्यालयों में अध्ययनरत बच्चों का टीकाकरण कराएगा। कार्यक्रम के तहत नगर के चिन्हित 16 विद्यालयों में टीकाकरण कार्य आरंभ किया गया। अस्पताल के अधीक्षक ने बताया कि क्षेत्र के 80 हजार बच्चों को टीकाकरण के लिए चिन्हित किया गया है।
शाहगंज: राजकीय पुरुष चिकित्सालय से जागरूकता रैली निकाली। उप जिलाधिकारी राजेश कुमार वर्मा के नेतृत्व में रैली जेसीज चौक, रोडवेज, तहसील, नई आबादी होते हुए कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय पहुंचकर छात्राओं के टीकाकरण से शुभारम्भ किया। चिकिसाधीक्षक डा. डीएस यादव ने सभी को जागरूक किया।
थानागद्दी: चिकित्सा प्रभारी विशाल सिंह यादव के नेतृत्व में जनता इण्टर कालेज रतनूपुर परिसर में मिजिल्स रूबेला अभियान के तहत कुल 482 बच्चों का टीकाकरण किया। बदलापुर: मिजिल्स रुबेला अभियान के तहत पहले दिन 4250 टीके लगाए गए। सीएचसी अधीक्षक डा. संजय दुबे ने बताया कि इस अभियान में 69270 बच्चों के सापेक्ष पहले दिन 25 विद्यालयों पर अभियान चला। जिसमें 4250 बच्चों का टीकाकरण किया गया।
सुरेरी: क्षेत्र के हरिहरपुर गांव में स्थित डीएस पब्लिक स्कूल में बच्चों को टीका लगाया गया। जिससे विद्यालय के 901 बच्चों का टीकाकरण हुआ। पहले दिन जिले के 19 ब्लाकों की रिपोर्ट आ सकी। करंजाकला और महराजगंज की रिपोर्ट नहीं मिल सकी।