बदलापुर। नगर पंचायत बदलापुर में पहली बार गृहकर वसूला जाएगा। इसके लिए नगर पंचायत प्रशासन की ओर से मकानों और दुकानों का सर्वे कराया जा रहा है। यह काम पूरा होते ही गृहकर का निर्धारण किया जाएगा।
अधिशासी अधिकारी डॉ. महेंद्र कुमार ने बताया कि यूपी डिस्को के माध्यम से नगर के 15 वार्डों में सर्वे कराया जा रहा है। साथ ही सर्वे में गूगल मैप की भी मदद ली जा रही है। अभी तक नगर पंचायत में गृह कर निर्धारण नहीं हुआ था। व्यापारियों और मकान मालिकों को अपने घर की चौहद्दी का प्रमाणपत्र बनवाने के लिए तहसील में चक्कर लगाने पड़ते थे। कर निर्धारण हो जाने से हर दुकान और भवन स्वामियों के नाम नगर पंचायत में दर्ज हो जाएंगे। उन्होंने बताया कि शीघ्र ही नगर पंचायत बोर्ड की बैठक बुला कर वाणिज्यिक और घरेलू श्रेणी के हिसाब से कर का निर्धारण कर लिया जाएगा। सर्वे में जो खामियां सामने आएंगी, उन्हें भी दुरुस्त कराया जाएगा। उन्होंने बताया कि नगर पंचायत की एक वेबसाइट बनाई गई है, जिस पर नगर पंचायत की ओर से कराए जा रहे कार्यों का ब्योरा और बजट किया जा रहा है। इसके बाद जल्द ही परिवार रजिस्टर के नकल ऑनलाइन कर दी की जाएगी। इसके लिए परिवार रजिस्टर को भी अपडेट किया जा रहा हैद्घ