मछलीशहर। स्थानीय कस्बे में संचालित एक प्राइवेट फाइनेंस कंपनी का कर्मचारी 41 महिलाओं के नाम की फर्जी आईडी तैयार कर उनके नाम से सवा दस लाख का ऋण लेकर फरार हो गया। शाखा प्रबंधक ने आरोपी कर्मचारी के खिलाफ पुलिस को तहरीर दी है। पुलिस मामले की छानबीन में जुटी है।
मछलीशहर में फ्यूजन माइक्रो फाइनेंस प्राइवेट लिमिटेड कंपनी में फील्ड आफिसर के पद पर तैनात वाराणसी निवासी अमित राय 25 अक्तूबर 2018 को कंपनी को बिनी कोई सूचना दिए घर चला गया। वह अभी तक लौटकर नहीं आया। फील्ड आफिसर के लंबे समय तक बिना किसी सूचना के गायब होने से फाइनेंस कंपनी के अधिकारी भी हैरान हो गए। उसका मोबाइल फोन भी बंद आ रहा है। कंपनी के अधिकारियों ने जांच की तो पता चला कि अमित राय ने फरवरी 2018 से कंपनी में फील्ड आफिसर के पद पर तैनात था। इस दौरान उसके द्वावार 300 लोगों को कर्ज दिया गया है। कर्ज लेने वालों की जांच की गई तो 41 पत्रावलियां ऐसी मिली जिसमें फर्जी पहचान पत्र लगाकर ऋण ले लिया गया है। ऋण लेने के लिए जिस पहचान पत्र का इस्तेमाल किया गया है उस नाम पते की इलाके में कोई महिला ही नहीं मिल रही है। ऐसी 41 महिलाओं के नाम से फर्जी आधार कार्ड बनाकर कुल सवा दस लाख का लोन कंपनी से लिया गया है। शाखा प्रबंधक दिनेश कुमार राय की ओर से पुलिस को दी गई तहरीर में कहा गया है कि उनकी कम्पनी की देश के 18 राज्यो में शाखा है। बैंक 10 लाख से अधिक महिलाओं को स्वरोजगार करने में वित्तीय मदद दे चुकी हैं। फील्ड आफिसर के पद पर तैनात अमित राय फरवरी 2018 से मछलीशहर की शाखा में कार्यरत है। 25अक्टूबर2018 को बिना किसी सूचना के वह घर चला गया। इसके बाद वापस नहीं लौटा । उसने कार्यरत रहने के दौरान 41 महिलाओं की फर्जी आईडी बनाकर बैक से ऋण स्वीकृत करवाकर भुगतान प्राप्त कर लिया है। क्षेत्र में जांच के दौरान इस मामले की खुलासा हुआ तो पुलिस को तहरीर दी गई है। पुलिस पूरे मामले की छानबीन कर रही है। शाखा प्रबंधक का कहना है उनके यहां से महिलाओं को स्वरोजगार के लिए ऋण दिया जाता है। पत्रावली तैयार होने के बाद ऋण की धनराशि नकद दिए जाने की व्यवस्था है।