जौनपुर। समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने नोटबंदी की बरसी को काला दिवस के रूप में मनाया। गुरुवार को पार्टी कार्यकर्ताओं ने काली पट्टी बांधकर प्रदर्शन किया और मोदी सरकार के इस कदम को देश की अर्थव्यवस्था को तबाह करने वाला कदम बताया। सपा नेता रजनीश मिश्र के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने भुवालापट्टी गांव में काली पट्टी बांधकर प्रदर्शन किया।
कार्यकर्ताओं के साथ हुई बैठक में रजनीश मिश्र ने कहा कि नोटबंदी से देश की अर्थव्यवस्था चौपट हुई है। लाखों लोगों की रोजी रोटी छिन गई। सरकार के इस फैसले से देश का हर तबका प्रभावित हुआ। नोटबंदी से देश के नुकशान हुआ है। यही वजह है कि पीएम मोदी से लेकर बीजेपी का कोई भी नेता अपने भाषण में कहीं नोटबंदी का जिक्र करना मुनासिब नहीं समझता। यहां विनोद शर्मा, अजीत यादव बाबा, पवन, मनीष, अजय कुमार, रमेश प्रजापति, शिवशंकर यादव, यशवंत आदि मौजूद थे। उधर सपा के जिला कार्यालय पर हुई बैठक में सपा के जिलाध्यक्ष लालबहादुर यादव ने कहा है कि नोटबंदी सरकार का तुगलकी फरमान था। इस फैसले से जनता को गुमराह किया गया है। देश के प्रधानमंत्री ने नोटबंदी के समय कहा था कि इससे कालाधन पर अंकुश लगेगा, नक्सलवाद, आतंकवाद, भ्रष्टाचार खत्म होगा लेकिन नतीजा पूरा देश देख रहा है। सरकार के दावे के उलट लोगों को घोर संकट से जूझना पड़ा। लाखों लोग बेरोजगार हो गए। डालर के मुकाबले रुपये की कीमत कम हो गई। समाजवादी पार्टी भारत सरकार के नोटबंदी वाले फैसले का जवाब चाहती है। यहां जिला उपाध्यक्ष श्यामबहादुर पाल, शकील अहमद, हिसामुद्दीन समेत अन्य लोग मौजूद थे।