जौनपुर। टीडी कालेज सभागार में चुनाव संचालन समिति की बैठक को संबोधित करते हुए भाजपा के प्रदेश सह प्रभारी सुनील ओझा ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी बूथ आधारित दल है, जो बूथ विजय से चुनाव विजय की नीति को आत्मसात करते हुए आगामी लोकसभा चुनाव में विजय प्राप्त करेगी।
उन्होंने कहा कि भाजपा 10-15 नवंबर तक पुन: बूथों का सत्यापन करेगी, जो लोकसभा चुनाव की दृष्टि से होगा। उन बूथों को सुदृढ़ और सत्यापित किया जाएगा। 17 नवंबर को जनपद मुख्यालय पर कमल संदेश, बाइक रैली का आयोजन किया जाएगा। इसमें लोकसभा के सभी बूथों से 5-5 बाइक रैली आने का लक्ष्य रखा गया है। 1-15 दिसंबर तक सभी विधानसभाओं में गांधी जयंती पदयात्रा के आयोजन में गांवों में पदयात्रा कर जनसंपर्क किया जाएगा। 26 जनवरी की शाम कमल विकास ज्योति के माध्यम से बूथ के लाभार्थी परिवारों के घर पर कमल दीप जलाकर दीपावली जैसे उत्सव मनाया जाएगा। कैबिनेट मंत्री/जिले की प्रभारी मंत्री प्रो. रीता बहुगुणा जोशी ने कहा कि केंद्र सरकार एवं राज्य सरकार की महत्वपूर्ण योजनाओं की जानकारी समाज के अंतिम व्यक्ति तक ठीक ढंग से पहुंचे एवं उससे वह लाभान्वित हो। अध्यक्षता भाजपा जिलाध्यक्ष सुशील कुमार उपाध्याय ने की। संचालन लोकसभा प्रमुख हरिश्चंद्र सिंह ने किया। इस मौके पर लोकसभा प्रभारी सुशील त्रिपाठी, सांसद केपी सिंह, पूर्व विधायक सीमा द्विवेदी, शशि मौर्य, जिला उपाध्यक्ष पंकज मिश्र, अजीत प्रजापति, किरन श्रीवास्तव, महामंत्री पुष्पराज सिंह, संदीप तिवारी, राम विलास पाल, जिला मंत्री पूनम विश्वकर्मा, अमित श्रीवास्तव, सुनील सेठ आदि मौजूद रहे।