जौनपुर। वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय ने सत्र 2018-19 की मुख्य परीक्षा के संचालन के लिए समिति का गठन किया है। परीक्षा संचालन समिति में आठ लोग शामिल किए गए हैं। समिति के निर्णय पर बाद ही परीक्षा केंद्रों का निर्धारण किया जाएगा। परीक्षा नियंत्रक द्वारा सौंपे गए कार्यो का निर्वहन भी समिति करेगी। कुलसचिव सुजीत कुमार जायसवाल ने बताया कि परीक्षा समिति में सर्वोदय पीजी कालेज घोसी मऊ के डा. करुणा निधान उपाध्याय, शिवली नेशनल कालेज आजमगढ़ के डा. अफसर अली, राम अवध गन्ना कृषक पीजी कालेज ताखा शाहगंज के डा. वीरेंद्र विक्रम सिंह, राजकीय महिला पीजी कालेज गाजीपुर के डा.सविता भारद्वाज, टीडी कालेज के डा. समर बहादुर सिंह और डा. विजय कुमार सिंह, पूर्वांचल विश्वविद्यालय के डा. अजय प्रताप सिंह और परीक्षा विभाग के अधीक्षक रामसूरत यादव शामिल किए गए हैं। कुलसचिव सुजीत कुमार जायसवाल ने बताया कि विश्वविद्यालय की परीक्षाएं मार्च से प्रस्तावित हैं। परीक्षा के लिए केेंद्रों का निर्धारण शुरू हो गया है। समिति के निर्णय के बाद ही परीक्षा केंद्र बनाए जाएंगे। पिछले वर्ष बनाए गए परीक्षा केंद्रों पर भी नजर रहेगी।