विकृति का कारण संवादहीनता : रामचरित्र
आदर्श इंटर कालेज रेहारी में आयोजित समारोह
अमर उजाला ब्यूरो
डोभी। समाज व परिवार में जो विकृति उत्पन्न हो रही है। उसके मूल में है संवाद हीनता। छात्राएं अपनी मां को अपना दोस्त बना लें। समस्याएं स्वत: हल हो जाएंगी। क्योंकि माता पिता से अच्छा कोई मित्र नहीं हो सकता। उक्त बातें मछलीशहर सांसद राम चरित्र निषाद ने गुरुवार को आदर्श इंटर कालेज रेहारी में आयोजित समारोह में कहीं।
उन्होंने छात्र -छात्राओं से कहा कि एकाग्रचित्त होकर लक्ष्य की प्राप्ति हेतु कठिन परिश्रम करें। जिससे वे अपना मुकाम पा सकें। यही समय जीवन का सबसे महत्वपूर्ण होता है। शिक्षा से ही सफलता प्राप्त की जा सकती है। उन्होंने शिक्षा के व्यवसायीकरण पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि मिशन व विजन के स्थान पर विद्यालय व्यवसाय हो गया है। ऐसी परिस्थितियों में स्वयं को तैयार करें। विद्यालय के प्रबंध समिति के अध्यक्ष वीरेंद्र प्रताप सिंह ने विद्यालय की प्रगति विवरण प्रस्तुत किया। कहा कि प्रधानमंत्री ने बूथ अध्यक्षों के संवाद कार्यक्रम में जिस प्रकार तारीफ की। वह स्वागतयोग्य है।सांसद ने विद्यालय में सोलर पंप पेयजल के लिए देने की घोषणा की।इससे पूर्व छात्राओं ने सरस्वती वंदना, स्वागत गीत प्रस्तुत कर लोगों को मंत्र मुग्ध कर दिया। प्रधानाचार्य गजराज सिंह ने आगंतुकों के प्रति आभार ज्ञापित किया ।कार्यक्रम की अध्यक्षता इंद्रजीत वर्मा व संचालन विपिन कुमार सिंह ने किया। इस अवसर पर छोटेलाल यादव,दशरथ सिंह, विनय कुमार सिंह, सुनील कुमार सिंह, मण्डल अध्यक्ष संजय पांडेय,साहब चौबे, विनोद सिंह आदि उपस्थित थे।