जौनपुर। अखंड सौभाग्य के लिए महिलाओं ने शनिवार को निराजल रहकर कठिन तप किया। रात में चंद्रमा का दर्शन करने के बाद अर्ध्य देकर पूजा की और करवा चौथ व्रत कथा का श्रवण कर पारण किया। दिन भर व्रत रखने वाली महिलाएं चंद्रमा के निकलने का इंतजार करती रही। चंद्रमा के दर्शन होते ही महिलाएं पूजा सामग्री लेकर घर की छत पर पहुंच गई। चतनी से चांद का दर्शन कर पति के दीर्घायु होने की कामना की।
जिन महिलाओं के पति घर पर थे उन्होंने पति की पूजा की लेकिन जिनके पति बाहर थे उन्होंने फोटो को सामने रखे कर पूजा किया। व्रत का पारण करने के बाद जल ग्रहण किया। करवा चौथ को लेकर घरों में उत्सव जैसा माहौल रहा। महिलाओं का पूरा समय सोलह शृंगार करने में ही बीत गया। कहीं-कहीं तो महिलाओं ने समूह में भी एकत्रित होकर करवा चौथ की पूजा की। शहर के स्टेशन रोड स्थित पंजाबी कालोनी में व्रत रखने वाली कुछ महिलाओं ने समूह में कुछ ने अकेले पूजा की। शनिवार को सुबह से लेकर देर शाम तक बाजार में फल आदि की खरीदारी के लिए भीड़ रही। रात में पूजा करने के बाद ही व्रत का पारण किया। व्रत सूर्योदय के पहले से शुरू कर चांद निकलने तक रखा गया। शाम के समय चंद्रोदय से एक घंटा पहले शिव की पूजा की। पूजा के समय महिलाओं द्वारा करवा चौथ व्रत की कथा सुनी।