जौनपुर। महिला एवं परिवार कल्याण मंत्री एवं जिले की प्रभारी मंत्री डॉ. रीता बहुगुणा जोशी ने शुक्रवार को जिला महिला अस्पताल का औचक निरीक्षण किया। 102 एंबुलेंस संचालक द्वारा कार्य में लापरवाही की शिकायत पर मंत्री ने शासन स्तर से कार्रवाई कराने की चेतावनी दी। अस्पताल में मंत्री के पहुंचते ही अफरातफरी मच गई। ओटी, लेबर कक्ष और ओपीडी के अलावा परिसर की साफ सफाई आदि का निरीक्षण किया।
शुक्रवार करीब बारह बजे प्रभारी मंत्री डा. रीता बहुगुणा जोशी जिला महिला अस्पताल पहुंच गई। अस्पताल में मंत्री के पहुंचने की जानकारी होते ही परिसर में अफरातफरी मच गई। प्रभारी मंत्री ने ओपीडी, ओटी, लेबर कक्ष, वार्ड और परिसर की सफाई व्यवस्था का निरीक्षण किया। नवजात एवं शिशु कक्ष में सफाई बेहतर होने पर संतुष्टि जताई। एंबुलेंस स्टाफ को काम में सुधार लाने की नसीहत दी। अस्पताल में स्वास्थ्य व्यवस्था में सुधार कराने का निर्देश सीएमएस को दिया। कुछ मरीजों ने दाई और नर्सों की शिकायत भी की। मंत्री ने सुधार कराने का आश्वासन दिया। करीब 45 मिनट तक वह अस्पताल परिसर में रहीं। इस मौके पर सीएमएस डॉ. आरके सरोज, डॉ. संदीप सिंह के अलावा अन्य चिकित्सक मौजूद रहे।