जौनपुर। कृषि भवन परिसर से गुरुवार को छह बसों से मंडियाहू एवं मछलीशहर तहसील और अन्य सात विकास खंडों से 250 किसानों को लखनऊ में आयोजित कृषि कुंभ में प्रतिभाग करने के लिए भेजा गया। उप कृषि निदेशक जयप्रकाश ने कृषकों के दल को बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा 26 अक्टूबर से भारतीय गन्ना अनुसंधान तेलीबाग रायबरेली रोड लखनऊ में आयोजित तीन दिवसीय कृषि कुंभ का आयोजन किया गया है। जिसमें किसानों को अंतर्राष्ट्रीय एवं राष्ट्रीय स्तर के ख्याति प्राप्त वैज्ञानिकों द्वारा उन्नत कृषि हेतु विभिन्न विषयों पर व्याख्यान दिया जाएगा। साथी ही वैज्ञानिकों व कृषकों के मध्य संवाद के साथ कृषकों को नवीन उपायों एवं तकनीकी जानकारी दी जाएगी। उन्होंने बताया कि जिले के कुल 750 शिक्षकों को कृषि कुंभ में प्रतिभाग कराया जा रहा है। जिसमें ढाई सौ कृषक 26 अक्टूबर को. ढाई सौ कृषक को 27 अक्टूबर को एवं 285 कृषक 28 अक्टूबर को प्रतिभाग करेंगे । किसानों को ले जाने के लिए कुल 19 बसों की व्यवस्था की गई है। कार्यक्रम स्थल पर किसानों के लिए भोजन एवं लंच की भी व्यवस्था की गई है।