खुटहन। संजरपुर गांव के खलिहान की सरकारी जमीन में मिली बजरंग बली की मूर्ति की स्थापना ग्रामीणों ने निजी भूमि में करने का निर्णय लिया है। प्रशासन की अनुमति मिलते ही ग्रामीण इस मूर्ति की स्थापना निजी भूमि में कर देंगे। इसके लिए गांव के ही राजदेव यादव ने अपनी जमीन दान में देने का फैसला किया है। रविवार को उक्त स्थल पर विधिवत भूमि पूजन कर प्रसाद वितरित किया गया। ग्रामीणोंकी मानें तो प्रशासन से अनुमति मिलते ही मूर्ति स्थापित करने का कार्य शुरू कर दिया जाएगा।
बता दें कि संजरपुर गांव के खलिहान की सरकारी जमीन में 11 अक्तूबर को बजरंग बली की मूर्ति उभरी मिली। इस स्थल पर मंदिर निर्माण करने को ग्रामीण अग्रसर थे। लेकिन गांव के मंसूर अली ने इसकी शिकायत एसडीएम शाहगंज से कर दी । इसके बाद पुलिस बल के साथ पहुंचे एसडीएम ने मूर्ति उखड़वाकर थाना पर भेजवा दिया। जिसको लेकर ग्रामीण आक्रोशित हो गए थे। मामले में 32 नामजद सहित कुछ अज्ञात के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुक़दमा भी दर्ज कर लिया गया।