मीरगंज। पंजाब के अमृतसर हादसे के बाद आरपीएफ जंघई ने शुक्रवार की रात रेलवे ट्रैक के अगल-बगल गांवों में जांच की। इस दौरान रेलवे ट्रैक के आसपास रामलीला मंचन व दशहरा मेले के आयोजन की जानकारी ली। इसकी रिपोर्ट लखनऊ कंट्रोल को भेजी गई है। रेलवे कंट्रोल के निर्देश पर आरपीएफ ने यह अभियान चलाया।
अमृतसर हादसे के बाद रेलवे कंट्रोल लखनऊ ने रेलवे ट्रैक के आस-पास के गावों में रामलीला मंचन व दशहरे के आयोजन की जानकारी देने का निर्देश जारी किया था। आरपीएफ जंघई की टीम ने एसएसआई जय राम मीना के नेतृत्व में शुक्रवार की रात में ही जंघई स्टेशन के आस-पास बरियाराम, नीभापुर, मड़ियांहू, सरायकंसराय, सुरियांवा, भदोही, बरसठी, भन्नौर आदि गांवों में जाकर रामलीला मंचन व दशहरे के आयोजन की जानकारी ली। आरपीएफ जंघई एसएसआई जय राम मीना ने बताया की रेलवे ट्रैक के अगल बगल गांवों मे सूचना भेजी जा रही है कि दशहरा के बाद होने वाले मेले का आयोजन ट्रेैक के आस-पास नहीं किया जाए। इसकी जानकारी भी ग्राम प्रधानों से मांगी जा रही है।