शाहगंज। वाराणसी- फैजाबाद रेलखंड पर विद्युतीकरण कार्य का निरीक्षण करने मुख्य संरक्षा आयुक्त शैलेष कुमार पाठक बुधवार को शाहगंज रेलवे स्टेशन पर पहुंचे। इस दौरान रिले रूम में ताला बंद व रखरखाव सहित आवश्यक अभिलेख उपलब्ध नहीं होने पर उप मुख्य अभियंता संकेत केसी शर्मा को फटकार लगाई। निरीक्षण के दौरान मातहतों को आवश्यक दिशा निर्देश दिया। उन्होंने बताया कि विद्युतीकरण का काम टांडा थर्मल पावर कारपोरेशन तक लगभग पूरा हो चुका है। इस प्रखंड पर शीघ्र ही मालवाहक ट्रेनों का संचालन किया जाएगा। इस मौके पर मुख्य परियोजना निदेशक सुधांशु कृष्णा दुबे, मंडल रेल प्रबंधक सतीश कुमार, वरिष्ठ रेल प्रबंधक एके सिंह, सहायक प्रबंधक तेजवीर सिंह, वरिष्ठ के संकेत एवं दूरसंचार अजीत कुमार सिंह, आरपीएफ प्रभारी संदीप यादव, स्टेशन अधीक्षक आरपी राम सहित तमाम अधिकारी मौजूद रहे।