केराकत। नगर से लेकर ग्रामीण इलाकों में पेयजल के रूप में आरओ वाटर के पानी का कारोबार बड़े पैमाने पर धड़ल्ले से चल रहा है। बिना किसी लाइसेंस के और बगैर किसी निर्धारित मानक के हो रहा है। शुद्ध पानी के नाम पर महंगे दाम पर बेचा जा रहा है। प्रदूषित पानी के चलते लगातार होती बीमारियों और शुद्ध पानी के लिए अब ग्रामीण इलाकों में भी आरओ वाटर का कारोबार बड़ी तेजी से फलफूल रहा है। कई छोटे लोग प्लांट लगाकर गांव-गांव पानी की सप्लाई दे रहे हैं। नगर से लेकर ग्रामीण इलाकों में करीब बीस से अधिक प्लांट लगाए गए हैं। केराकत के नरहन निवासी अवकाश प्राप्त वायु सैनिक इन्द्रसेन सिंह ने जनसूचना के तहत खाद्य सुरक्षा व औषधि विभाग से केराकत तहसील में आरओ प्लांट लगाकर उसके उत्पादन व बिक्री से संबंधित लाइसेंस कारोबारियों की संख्या की जानकारी मांगी। जिस पर जिला अभिहित अधिकारी खाद्य सुरक्षा व औषधि प्रशासन ने लाइसेंसी कारोबारियों की संख्या शून्य बता दिया।