जौनपुर। बिजली विभाग विद्युत थाने के लिए जगह की तलाश कर रहा है। इसी थाने पर जिले भर के बिजली संबंधी मामले दर्ज किए जाएंगे। हाइडिल परिसर में ही इसके लिए जगह चिह्नित की जा रही है क्योंकि नवंबर माह तक ही थाने बनाए जाने हैं।
बिजली की चोरी की घटनाओं में बढ़ोत्तरी और राजस्व की हानि रोकने के लिए बिजली विभाग का थाना खोलने का निर्णय लिया है। इसके लिए एक सप्ताह पहले जिले में शासन से निर्देश भी आ चुका है। हाल ही में हुए वीडीओ कांफ्रेंसिंग में प्रमुख सचिव ने अधिकारियों से भूमि का चयन आदि कार्य पूरे कर नवंबर माह में थाना स्थापित कर देने का निर्देश दिया गया है। जिसके क्रम में विभाग द्वारा हाईडिल परिसर में ही थाना स्थापित करने के भूमि की तलाश शुरु कर दी है। जिसका चयन कर शीघ्र ही विभाग द्वारा शासन को भेज दी जाएगी। जिससे नवंबर माह में थाना स्थापित होकर कार्य करना शुरु कर दें। बता दें कि जिले में विद्युत आपूर्ति करने के लिए कुल 60 विद्युत उपकेंद्र व 157 विद्युत फीडर है। वहीं जिले की आबादी लगभग 50 लाख है। जिसमें कुल साढ़े चार लाख बिजली उपभोक्ता हैं। जिसके कारण जिले में बिजली चोरी धड़ल्ले से हो रही है। वहीं राजस्व वसूली भी नहीं हो पा रही थी। इस दौरान चोरी रोकने व राजस्व वसूली के लिए बिजली विभाग को काफी मशक्कत भी करनी पड़ रही थी। वहीं विभाग के कर्मचारियों के साथ दुर्व्यवहार भी हो रहे थे। इसकी शिकायत पर भी कोई कार्रवई नहीं हो पाती थी। लेकिन थाना खुल जाने से अब इन सब शिकायतों के निस्तारण के लिए बिजली विभाग के अधिकारी को दिक्कत का सामना नहीं करना पड़ेगा।
शासन द्वारा नवंबर माह तक विभाग का थाना खोलने का निर्देश दिया गया है। जिसके लिए हाईडिल परिसर में भूमि का चयन किया जा रहा है। जिसे शीघ्र ही शासन को भेज दी जाएगी। थाना खुलने से बिजली से संबंधित चोरी रुकेगी। वहीं राजस्व भी बढ़ेगा।-एके मिश्रा, अधीक्षण अभियंता, विद्युत