खुटहन। आशा संगिनी की नियुक्ति में शासनादेश की अनदेखी कर फर्जी तरीके से चयन किए जाने का आरोप लगाते हुए शनिवार को पूर्व जिला पंचायत सदस्य जया दूबे के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सीएचसी पर प्रदर्शन किया। राज्यपाल को नामित चार सूत्रीय ज्ञापन प्रभारी चिकित्सा अधिकारी को सौंपा।
धरना सभा जया दूबे ने कहा कि यहां पूर्व में की गई आशा संगिनियों की नियुक्ति में शासनादेश को ताख पर रखकर तत्कालीन प्रभारी चिकित्सा अधिकारी द्वारा मनमाने तरीके से नियुक्ति की गई है। इसकी जांच एसीएमओ डीपी यादव द्वारा की गई है। उसमें भी खामियां उजागर हुई हैं। नियुक्ति में बनाई गई कलस्टर सूची और अंकपत्र की सूची ही गलत है। बावजूद इसके छह माह से अधिक बीत जाने के बाद भी उनके खिलाफ कार्यवाही नहीं की जा रही है। उन्होंने फर्जी नियुक्ति पर कार्यरत आशाओं के साथ-साथ चिकित्सक पर भी विधिक कार्यवाही किए जाने की मांग की। इसके अलावा, आशा संगिनियों की नई नियुक्ति न किए जाने की मांग की, जब तब कि दोषियों पर कार्यवाही न हो जाए। उन्होंने ज्ञापन के माध्यम से यहां एक सर्जन की तैनाती और सीएचसी की चहारदीवारी बनाए जाने की मांग की। इस मौके पर नीलेश पांडेय, रमेश बिंद, महेश उपाध्याय, विवेक यादव, मनोज, विनोद, प्रमीला, गीता, मीना, तारा, उर्मिला आदि मौजूद रही। धरना सभा का संचालन इंद्रमणि दूबे ने किया।