जौनपुर। नवरात्र चल रहा है। त्यौहार में ट्रैफिक कार्ययोजना ठीक से नहीं बनाने एवं सड़क पर ही मूर्तियों के पंडाल स्थापित होने से कई प्रमुख मार्ग अवरुद्ध हो गए हैं। इसकी वजह से हर रोज जाम लगने लगा है। लोग जाम में फंसकर घंटों परेशान हो रहे हैं। शुक्रवार को दोपहर में पचहटिया से वाजिदपुर चौराहे तक तकरीबन पांच किमी तक जाम लग गया। बच्चों के स्कूलों की छुट्टी होने के समय भी जाम समाप्त नहीं हुआ। ट्रैफिक पुलिस जाम खत्म कराने में जूझती रही।
सिपाह चौराहे के पास अंडरब्रिज होने से लोग क्रासिंग बंद होने पर निकल जाते थे। इधर दो दिनों से एक पुलिया का निर्माण होने से एक साथ दो गाड़ियां नहीं निकल पा रही हैं। जिसकी वजह से क्रासिंग बंद होने के दौरान वाहनों की लंबी लाइन दोनों तरफ लग जा रही है। शुक्रवार को 11 बजे क्रासिंग बंद हुई। जिसकी वजह से जाम लग गया। जाम समाप्त कराने में पुलिस को दो घंटे तक मशक्कत करनी पड़ी। किसी तरह डेढ़ बजे स्थिति सामान्य हो सकी। उधर त्यौहार को देखते हुए ट्रैफिक कार्य योजना का अभाव दिख रहा है। जिससे जाम की समस्या बढ़ गई है। मूर्तियां ओलंदगंज से जहांगीराबाद रोड पर, ओलंदगंज चौराहे से बदलापुर पड़ाव रोड पर, नखास गली, मियापुर जाने वाली गली सहित कई ऐसे स्थानों पर रख दी गई हैं। जिससे सड़क पर लोगों का आना जाना बंद हो गया है। नवरात्र एवं दुर्गा पूजा त्यौहार की वजह से अतिक्रमण भी सड़कों पर पसर गया है।
इनसेट
शहर में लगी हैं 181 मूर्तियां
जौनपुर। कोतवाली थाना क्षेत्र में 82 एवं लाइन बाजार थाना क्षेत्र में 99 मूर्तियां स्थापित की गई हैं। इसमें दस से अधिक ऐसी मूर्तियां हैं। जिसका पंडाल सड़कों के बीच में बनाया गया है। जाम न लगे ऐसे में यातायात पुलिस के सिपाही एवं होमगार्डों की ऐसी मूर्तियों के पास ड्यूटी लगाई गई है। बावजूद इसके हर रोज जाम लग रहा है। वैसे नगर में यातायात व्यवस्था संभालने के लिए नौ ट्रैफिक पुलिस, एक यातायात प्रभारी और पचास होमगार्ड लगाए गए हैं।
इनसेट
मार्ग परिवर्तित किए गए
जौनपुर। सड़क पर मूर्तियां रख दिए जाने की वजह से ट्रैफिक पुलिस ने यातायात डायवर्जन किया है। बदलापुर पड़ाव रोड बाधित होने से वाहन मछलीशहर पड़ाव से होकर किशन काफी हाउस होते ओलनगंज आ रहे हैं। यहां से जेसीज जाने वाले वाहन जेपी होटल होते जेसीज एवं सद्भावना पुल की तरफ जाने वाले वाहन जेपी होटल के सामने से जा रहे हैं। हाल ही में जो एकल व्यवस्था की गई थी, उसकी हवा निकल गई है।
कोट:
ट्रैफिक व्यवस्था ठीक करने का प्रयास किया जा रहा है। सिपाह में पुलिया निर्माण की वजह से क्रासिंग बंद होने पर जाम लग जा रहा है। जिसे शीघ्र ही सामान्य कराने में यातायात पुलिस जुटी है।
डा. अनिल पांडेय, एसपी सिटी।