जौनपुर। बीटीसी 2015 के चतुर्थ सेेमेस्टर की निरस्त हुई परीक्षा के पश्नपत्रों की शुक्रवार को नगर मजिस्ट्रेट ने जांच की। शासन के निर्देश पर हुई जांच में जिले के सभी सात केंद्रों पर सभी प्रश्न पत्र सुरक्षित और सीलबंद पाए गए। बीटीसी का पेपर लीक होने के बाद शासन को संदेह था कि लीक हुए प्रश्नपत्र किसी भी परीक्षा केंद्र पर खोले गए होंगे। नगर मजिस्ट्रेट सुरेंद्रनाथ मिश्र ने जांच रिपोर्ट को शासन को भेज दी है।
बीटीसी 2015 के चतुर्थ सेमेस्टर की परीक्षा के लिए जिले में कुल सात केंद्र बनाए गए थे। इन केंद्रों पर 2340 अभ्यर्थी परीक्षा दे रहे थे। परीक्षार्थियों ने दूसरे दिन की परीक्षा दी तभी पता चला कि प्रश्नपत्र आउट हो गया। प्रश्नपत्र लीक होने के बाद पूरी परीक्षा को निरस्त कर दिया गया। नौ और 10 अक्तूबर को जो परीक्षा होनी थी उसका पेपर जिले के किसी केंद्र से भले ही आउट न किया गया हो लेकिन पेपर यहां के परीक्षार्थियों के हाथ लग गया था। जांच के निर्देश पर नगर मजिस्ट्रेट ने शहर में मोहम्मद हसन इंटर कालेज, रजा डीएम शिया कालेज, राजकीय बालिका इंटर कालेज, जनक कुमारी इंटर कालेज, सरस्वती बाल विद्या मंदिर, ग्राम्योदय इंटर कालेज गौराबादशाहपुर, सर्वोदय इंटर कालेज शाहपुर सिकरारा में पहुंचकर प्रश्नपत्रों की जांच की।