जौनपुर। अपराधियों पर कार्रवाई के लिए गुरुवार की रात तीन घंटे की घेराबंदी स्कीम के तहत पुलिस ने 64 स्थानों पर एक साथ चेकिंग की। इसमें सिटी सर्किल में 28 और ग्रामीण सर्किल में 36 स्थानों पर संदिग्ध वाहनों और संदिग्ध लोगों की चेकिंग हुई। खुद एसपी दिनेश पाल सिंह सरायख्वाजा, खेतासराय, शाहगंज, खुटहन, बक्शा, बदलापुर इलाकों में चेकिंग का जायजा लेते रहे। उन्होंने रास्ते में संदिग्ध वाहनों को रोककर खुद चेक कराया। चेकिंग के दौरान कोई खास हासिल नहीं हुआ।
जिले में अपराध की घटनाएं बढ़ रही है। ऐसे में अपराधियों का मनोबल तोड़ने के लिए जिलेभर में एक प्लान के तहत घेराबंदी स्कीम शुरू की गई। तीन घंटे तक सभी सीओ अपने-अपने सर्किल में भ्रमण करते रहे। एसपी सिटी डा. अनिल पांडेय सिटी सर्किल में और ग्रामीण सर्किल में एसपी ग्रामीण संजय राय भी चेकिंग व्यवस्था का जायजा लेते रहे। इस दौरान तकरीबन दो हजार गाड़ियों की पुलिस ने तलाशी लिया और पांच सौ लोगों से पूछताछ हुई। वैसे भी पुलिस का रोको टोको अभियान शिथिल पड़ गया है। इस कार्रवाई से इस अभियान को भी बल मिला है। एसपी दिनेश पाल सिंह ने बताया कि प्रत्येक सप्ताह आकस्मिक रूप से यह अभियान जिलेभर में चलाया जाएगा। उन्होंने कहा कि घेराबंदी स्कीम के तहत किसी बड़े अपराधी की गिरफ्तारी नहीं हो पाई।