मछलीशहर। विकास खंड के खजुरहट गांव में फर्जी पेंशन लेने वालों के विरुद्ध कार्यवाही शुरू हो गई है। जांच के बाद 20 अपात्र वृद्धावस्था पेंशनधारकों की पेंशन निरस्त कर रिकवरी की कार्यवाही शुरू हो गई है। फर्जी ढंग से पेंशन लेने वालों में हड़कंप मच गया है। गांव निवासी लक्ष्मीशंकर पटेल और अन्य ग्रामीणों ने 18 सितंबर को संपूर्ण समाधान दिवस पर शिकायती पत्र देकर आरोप लगाया था कि खजुरहट गांव में ग्राम प्रधान और विभागीय अधिकारियों की मिलीभगत से सैकड़ों की संख्या में अपात्र वृद्धावस्था और विकलांग पेंशन का लाभ ले रहे हैं। लाखों रुपये सरकारी धन की बंदरबांट हो रही है। उपजिलाधिकारी जेए सचान ने जिला समाज कल्याण अधिकारी को जांच का निर्देश दिया। समाज कल्याण अधिकारी ने समाज कल्याण अधिकारी बदलापुर को जांच सौंपी थी। जांच में प्रथमदृष्टया 20 वृद्धावस्था पेंशन पाने वाले अपात्र पाए गए। जिस पर तत्काल रोक लगाते हुए पेंशन निरस्त कर दी गई। अब ली गई धनराशि को वापस कराने की तैयारी की जा रही है।