शाहगंज। स्थानीय रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर एक के पास गुरुवार को सुबह रेल पटरी टूटी मिला। आरपीएफ के सिपाही की सूचना पर रेल प्रशासन सतर्क हो गया। प्लेटफार्म से ट्रेनों के आवागमन को रोककर मरम्मत का कार्य शुरू कर दिया गया है। फिलहाल सिपाही की सतर्कता से हदसा टल गया।
गुरुवार की सुबह 7:20 बजे वाराणसी लखनऊ पैसेंजर स्थानीय रेलवे स्टेशन से आगे के लिए रवाना हुई। इसके गुजरने के बाद सुबह करीब साढ़े आठ बजे किसान एक्सप्रेस ट्रेन प्लेटफार्म नंबर एक पर आने का एलाउंसमेंट हुआ। ट्रेन के आने के पहले ही प्लेटफार्म पर गश्त के दौरान आरपीएफ के सिपाही श्याम सुंदर की निगाह रेल पटरी पर पड़ी। सिपाही ने देखा कि पटरी बीच से टूटी हुई है। इस बात की सूचना उन्होंने तत्काल अपने विभाग के प्रभारी निरीक्षक संदीप यादव को दिया। आनन-फानन में स्टेशन मास्टर द्वारा किसान एक्सप्रेस ट्रेन को प्लेटफार्म नंबर एक के बजाय प्लेटफार्म नंबर दो पर लाया गया। रेल पटरी टूटने की सूचना के बाद रेल प्रशासन सक्रिय हुआ और मौके पर टीम ने पहुंचकर पटरी की मरम्मत का काम शुरू कर दिया है। आरपीएफ के सिपाही श्याम सुंदर की सतर्क निगाह की वजह से रेल की एक दुर्घटना टल गई। पटरी की मरम्मत का कार्य जारी है। आने वाली ट्रेनों को प्लेटफार्म नंबर दो और तीन से रवाना किया जा रहा है।