जौनपुर। वन्यजीवों का मानव जीवन में महत्वपूर्ण भूमिका होती है। इसके बगैर मानव जीवन की कल्पना भी नहीं की जा सकती है। आधुनिक जीवन में वन्यजीवों के अस्तित्व पर बढ़ता खतरा दुखद ही नहीं चिंताजनक भी है। उक्त बातें सामाजिक वानिकी प्रभाग के प्रभागीय निदेशक एपी पाठक ने वन विहार स्थित सामाजिक वानिकी प्रभाग परिसर में वन्यजीवों की सुरक्षा के प्रति आयोजित जागरुकता अभियान में कहा।
उन्होंने कहा कि अगर समय रहते नहीं चेता गया तो इसके परिणाम भयावह होंगे और मानव जीवन खतरे में पड़ जाएगा।सावित्री कांवेंट हाई स्कूल की प्रधानाचार्या पूनम अस्थाना ने लोगों से पशु पक्षियों के संकट में पड़े अस्तित्व को बचाने के लिए आगे आने और अपने छतों की मुंडेर व छतों पर दाना पानी रखने और जितना हो सके उनके साथ अपनापन व संवेदना रखने के लिए आगे आने पर जोर दिया। साथ ही पशु पक्षियों के साथ क्रूरता करने वालों के खिलाफ आवाज उठाने का आह्वान किया। इसके पूर्व चित्रकला, निबंध, वाद-विवाद, नुक्कड़ नाटक, एकल गीत, समूह गीत, कविता आदि प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। जिसमें भारी संख्या में छात्र-छात्राओं ने प्रतिभाग किया। इसमें अव्वल आने वाले प्रतिभागियों को प्रभागीय निदेशक एपी पाठक ने पुरस्कृत किया। इस अवसर पर उप प्रभागीय वनाधिकारी राजेश सिंह, आरएन मिश्रा, ओमप्रकाश सोनकर, डीसी मिश्रा, पीएन यादव, वीडी पांडेय, सत्यप्रकाश, नवीन राय, जवाहर सिंह, बीबी सिंह आदि उपस्थित रहे।