जौनपुर। दस अक्टूबर से शारदीय नवरात्र शुरू हो रहा है। मंगलवार को दिनभर श्रद्धालु व्रत, पूजा की तैयारियों में जुटे रहे। शीतला चौकिया धाम, मैहर मंदिर सहित जिले के मंदिरों में भी मां की आराधना के लिए तैयारियां की गई है। देवी मंदिर को सजा दिया गया है। पूजा पंडालों में देवी प्रतिमाएं पहुंच चुकी हैं। सुबह प्राण प्रतिष्ठा की जाएगी। भीड़ को देखते हुए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। घरों में भी कलश स्थापना की तैयारियां दिन भर चलती रहीं।
बुधवार से शुरू हो रहे नवरात्र को लेकर बाजार में दिन भर लोगों की भीड़ रही। लोग चुनरी, पूजन सामग्री, कलश, फलाहार आदि की खरीद करते रहे। मंदिरों में भी दिन भर सफाई व रंगरोगन किया जाता रहा। शीतला धाम चौकिया और मां मैहर मंदिर को भव्य रूप से सजाया गया है। मंदिर के आसपास नारियल, चुनरी आदि पूजन सामग्री की अस्थाई दुकानें लग गई हैं।
पूजा पंडालों में मां दुर्गा प्रतिमाएं स्थापित कर दी गई है। बुधवार को सुबह प्राण प्रतिष्ठा के बाद दर्शन शुरू हो जाएगा। सिकरारा क्षेत्र में 59 स्थानों पर पूजा पंडाल स्थापित किए जाएंगे। मंदिरों, घरों तथा पूजा पंडालों में कलश स्थापना तथा देवी प्रतिमाओं की प्राण प्रतिष्ठा के साथ प्रारम्भ हो रहा है। क्षेत्र के अजोशी धाम का दुर्गा मंदिर, चांदपुर व ताहिरपुर का माँ शारदा धाम, शेरवा का संतोषी माता मंदिर, गुलजार गंज व बेल्सड़ी का सिंहवाहिनी धाम को सुंदर ढंग से सजाया गया है। बरईपार में भी पूजा पंडालों में प्रतिमाएं स्थापित कर दी गई हैं। बदलापुर क्षेत्र में 57 दुर्गा पूजा पंडाल स्थापित होंगे। सबसे बड़ा पंडाल इंदिरा चौक पर बन रहा है। स्टेशन रोड इसके अलावा मुरादपुर, घनश्यामपुर, लेदुका, बहरीपुर, शाहपुर, बटाऊबीर, बदलापुर खुर्द उसरा बाजार में पूजा पांडाल स्थापित किए गए हैं। सिरकोनी क्षेत्र में बैंड बाजे के साथ पंडाल में मूर्तियां देर शाम तक पहुंच गई। सुबह से राजेपुर, कबूलपुर, सिरकोनी, हूसेपुर, सखोई, मोथहा,आदि पंडालो में मूर्तियां पंडालों में स्थापित हो गई।