जौनपुर। पेपर लीक होने से निरस्त हुई बीबीटीसी चतुर्थ सेमेस्टर की परीक्षा को शीघ्र कराने की मांग को लेकर बीटीसी प्रशिक्षुओं ने शहर में जुलूस निकाल कर कलेक्ट्रेट में प्रदर्शन किया। अपनी मांग से संबंधित मुख्यमंत्री को संबोधित पत्रक जिलाधिकारी को सौंपा। जिलाधिकारी को सौंपे गए पत्रक में बीटीसी प्रशिक्षुओं ने कहा है कि उनकी निरस्त हुई परीक्षा को शीघ्र कराया जाए या आगामी यूपीटीईटी की परीक्षा की तिथि को टाला जाए। ऐसा नहीं किया गया तो प्रदेश में होने वाली 97 हजार सहायक अध्यापक की भर्ती प्रक्रिया में वे शामिल नहीं हो सकेंगे।
बीटीसी चतुर्थ सेमेस्टर की परीक्षा का पेपर आउट होने के बाद परीक्षा के निस्त किए जाने से खफा बीटीसी के सैकड़ों छात्र जीजीआईसी केंद्र पर एकत्र हुए यहां नाराज छात्रों ने प्रदर्शन कर नारेबाजी की फिर जुलूस के साथ छात्र कलेक्ट्रेट पहुंचे। जहां अपनी मांग के समर्थन में नारे लगाए। उनका कहना था कि परीक्षा समय पर नहीं हुई तो उनका भविष्य अंधकार में चला जाएगा। अपनी मांग से संबंधित पत्रक जिलाधिकारी अरविंद मलप्पा बंगारी को सौंपा। बीटीसी के छात्रों ने कहा कि आए दिन परीक्षा निरस्त होने से हम लोगों का भविष्य खराब हो रहा है । इस दौरान विवेक पाठक, गौरव यादव, प्रीति यादव, निधि, सर्वेश यादव, दिनेश कुमार, श्वेता तिवारी, सुरेंद्र पाल, आदित्य बिंद, विशाल सिंह, अंकित सिंह, सुनील, अमर बहादुर मौर्य समेत बड़ी संख्या में बीटीसी के छात्र शामिल थे। बीटीसी वर्ष 2015 के चतुर्थ सेमेस्टर की परीक्षा के लिए जिले में 7 केंद्र बनाए गए थे। इन केंद्रों पर 2340 प्रशिक्षुओं की परीक्षा चल रही थी। सोमवार को परीक्षा समाप्त होने के बाद देर शाम को 7:40 पर परीक्षा नियामक प्राधिकारी इलाहाबाद द्वारा सूचना भेजी गई की प्रश्न पत्र लीक होने के कारण संपूर्ण परीक्षा को रद्द कर दिया गया है। यह सूचना मंगलवार की सुबह जिले के सभी परीक्षा केंद्रों पर बाहर नोटिस बोर्ड पर चस्पा हो गई। इसकी जानकारी होते ही बीटीसी प्रशिक्षु आक्रोशित हो गए। शहर के जिन सात कालेजों को परीक्षा केंद्र बनाया गया है उनमें मोहम्मद हसन इंटर कॉलेज, राजकीय बालिका विद्यालय, जनक कुमारी इंटर कॉलेज, रजा डीएम। शिया इंटर कॉलेज, सरस्वती बाल विद्या मंदिर, ग्रामोदय इंटर कॉलेज गौराबादशाहपुर , सर्वोदय इंटर कॉलेज शाहपुर सिकरारा शामिल है। डायट प्राचार्य राजेश श्रीवास्तव ने कहा कि परीक्षा की नी तिथि आने पर फिर से परीक्षा कराई जाएगी।